विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पाक सेना कर रही प्राकृतिक संसाधनों का दोहन', UN में भारत ने पाकिस्तान को दिखाया आईना

Published: Thu, 19 Nov 2026 08:00 PM (IST)

भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान पर पलटवार करते हुए उसकी सेना पर प्राकृतिक संसाधनों का दोहन कर व्यक्तिगत समृद्धि ...और पढ़ें

UN में भारत का पाकिस्तान पर करारा प्रहार (फोटो- @AmbHarishP)

UN में भारत का पाकिस्तान पर करारा प्रहार (फोटो- @AmbHarishP)

HighLights

  1. भारत ने यूएन में पाक सेना पर संसाधन लूटने का आरोप लगाया।

  2. पाक सेना प्रमुख मुनीर के खनिज प्रदर्शन का दिया हवाला।

  3. भारत ने पाक को पड़ोसी देशों से संघर्ष भड़काने से रोका।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। हर वैश्विक मंच पर सिंधु जल समझौते का मुद्दा उठने वाले पाकिस्तान को भारत ने पलटवार करते हुए पाकिस्तान सेना पर देश के प्राकृतिक संसाधनों को अपनी व्यक्तिगत समृद्धि के लिए लूटने का सीधा आरोप लगा दिया।

भारत के स्थायी प्रतिनिधि पार्वथनेनी हरीश ने सेना प्रमुख आसिम मुनीर द्वारा पिछले साल विदेशी नेताओं के सामने खनिज पत्थरों वाला लकड़ी का डिब्बा प्रदर्शित करने की घटना का हवाला देते हुए कहा कि यह सेना की भूमिका का स्पष्ट प्रमाण है।

इससे पहले पाकिस्तानी प्रतिनिधि ने यूएन के इस मंच पर “प्राकृतिक संसाधन और संघर्ष: रोकथाम और शांति के लिए मजबूत सहयोग” विषय पर आयोजित कार्यक्रम में सिंधु जल संधि का मुद्दा उठाकर भारत पर हमला बोला था।

पाक के उप स्थायी प्रतिनिधि उस्मान जादून ने भारत पर सिंधु जल संधि को एकतरफा निरस्त करने व और पानी को हथियार बनाने का आरोप लगाया था।

यूएन में भारतीय राजदूत हरीश ने स्पष्ट किया कि भारत का इरादा द्विपक्षीय मुद्दे उठाने का नहीं था, लेकिन पाकिस्तान ने मंच का दुरुपयोग प्रचार के लिए किया, इसलिए जवाब देना जरूरी हो गया।

उन्होंने सिंधु जल संधि पर भारत का रुख स्पष्ट का हवाला दिया और कहा कि, “पिछले सितंबर में उनके सेना प्रमुख को विदेशी नेताओं के सामने खनिज पत्थरों से भरा लकड़ी का डिब्बा दिखाते देखा गया था। यह उनके सेना की प्राकृतिक संसाधनों के दोहन में भूमिका का स्पष्ट संकेत है।

माना जाता है कि इसी वजह से हाल में पाकिस्तान में एक प्रांतीय सरकार को बर्खास्त किया गया और आपातकाल लगा।” भारतीय प्रतिनिधि ने नाम तो नहीं लिया लेकिन मुनीर ने यह प्रदर्शनी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समक्ष की थी।

सितंबर 2025 में व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के दौरान पाक पीएम शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने ट्रंप के सामने एक खुला लकड़ी का डिब्बा पेश किया था। इस डिब्बे में रंगीन खनिज पत्थर और दुर्लभ खनिज के नमूने थे।

वहां से प्रकाशित तस्वीर में ट्रंप इन नमूनों को ध्यान से देख रहे थे, जबकि शहबाज शरीफ पास खड़े मुस्कुरा रहे थे। यह कदम पाकिस्तान द्वारा अमेरिका को अपनी खनिज संपदा में निवेश आकर्षित करने की कोशिश का हिस्सा था।

भारतीय राजदूत हरीश ने आगे कहा कि पाकिस्तानियों का भला तभी होगा जब उनके “असली शासक” यानी सेना देश के प्राकृतिक संसाधनों का इस्तेमाल आम जनता के फायदे के लिए करे, न कि अपने आत्म-प्रचार और व्यक्तिगत लाभ के लिए। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान सेना को पड़ोसी देशों के साथ संघर्ष भड़काने से रुकना चाहिए, क्योंकि यह अब खुद पाकिस्तान को ही नुकसान पहुंचा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।