4 राज्यों की मसौदा मतदाता सूची जारी: असम, केरल, तमिलनाडु और मणिपुर में पुरुष से ज्यादा महिला वोटर
असम, केरलम, तमिलनाडु और मणिपुर के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के बाद मसौदा मतदाता सूची जारी की गई है, जिसमें ...और पढ़ें

एसएसआर के बाद चार राज्यों में पुरुष से ज्यादा महिला मतदाता। (पीटीआई)
HighLights
असम, केरल, तमिलनाडु, मणिपुर में महिला मतदाता पुरुषों से अधिक।
दावे-आपत्तियों के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक समय।
अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी को होगी प्रकाशित।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के बाद चार राज्यों में मतदाता सूची का मसौदा गुरुवार को जारी कर दिया गया। इसके अनुसार, असम, केरलम, तमिलनाडु और मणिपुर इन चारों राज्यों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है।
असम में मतदाताओं की संख्या करीब 2.19 लाख बढ़ गई है। दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक तय की गई है। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। अंतिम सूची अगले साल चार जनवरी को प्रकाशित होगी।
पीटीआई के अनुसार, असम की मसौदा मतदाता सूची में 2.52 करोड़ नाम हैं, जो इस साल की शुरुआत में हुए विशेष पुनरीक्षण के बाद जारी मतदाता सूची से करीब 2.19 लाख अधिक हैं। इनमें 1.26 करोड़ पुरुष मतदाता, 1.26 करोड़ महिला मतदाता और थर्ड जेंडर के 321 मतदाता शामिल हैं। पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या लगभग 1300 अधिक है।
चुनाव आयोग ने असम में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बजाय मतदाता सूचियों का विशेष पुनरीक्षण (एसआर) कराया था। यहां नागरिकता से जुड़े विशेष प्रविधानों के कारण इसकी जरूरत पड़ी।
आईएएनएस के अनुसार, केरलम की मसौदा सूची में 2.73 करोड़ मतदाता हैं। इनमें 1.40 करोड़ महिला मतदाता, 1.33 करोड़ पुरुष मतदाता और 269 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। मसौदा सूची में युवाओं की उल्लेखनीय मौजूदगी है। 18-19 वर्ष आयु वर्ग में 2.71 लाख मतदाता हैं, जबकि 20-29 वर्ष आयु वर्ग में 44 लाख मतदाता हैं।
तमिलनाडु की मसौदा सूची में 5.77 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। राज्य में 2.95 करोड़ महिला, 2.82 करोड़ पुरुष और 7,892 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। चेंगलपट्टू जिले की शोलिंगनल्लूर विधानसभा सीट पर सबसे अधिक 5.58 लाख मतदाता हैं। वहीं, चेन्नई जिले की हार्बर विधानसभा सीट पर सबसे कम 1.20 लाख मतदाता हैं।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के बाद मणिपुर के सभी 60 विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित किया गया। राज्य की मसौदा सूची में कुल 19.94 लाख मतदाता हैं। इनमें 10.25 लाख महिलाएं, 9.69 लाख पुरुष और 324 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।