विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

INDI गठबंधन का शक्ति प्रदर्शन: वोट चोरी के खिलाफ संग्राम को अब CEC से आगे पीएम मोदी-शाह तक ले जाने की तैयारी में विपक्ष

By Sanjay MishraEdited By: Deepak Gupta
Published: Sun, 01 Nov 2026 10:53 PM (IST)Updated: Sun, 01 Nov 2026 10:56 PM (IST)

रामलीला मैदान में INDI गठबंधन ने 'वोट चोरी' के खिलाफ अपनी लड़ाई को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से आगे ...और पढ़ें

INDI गठबंधन का शक्ति प्रदर्शन। (एएनआई)

INDI गठबंधन का शक्ति प्रदर्शन। (एएनआई)

HighLights

  1. विपक्ष ने वोट चोरी पर पीएम मोदी, अमित शाह को घेरा।

  2. सीईसी ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का आरोप, जेल भेजने की बात।

  3. राहुल गांधी ने 13.3 करोड़ वोटरों को हटाने का दावा किया।

संजय मिश्र, नई दिल्ली। विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जिस लड़ाई का एलान किया था, अब उसे सरकार और खास तौर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ छेड़ने की घोषणा कर दी।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि वे कानून से नहीं बच सकते हैं। एसआईआर (मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण) के जरिये मतदाता सूची से वोटरों को हटाए जाने को देश के आत्मा पर प्रहार तथा नागरिकों की आवाज दबाने का गंभीर अपराध बताते हुए कहा कि देश को पटरी पर लाने का पहला कदम ज्ञानेश कुमार को हटाना है।

वोट बचाओ, देश बचाओ रैली

INDI गठबंधन की रामलीला मैदान में रविवार को वोट बचाओ, देश बचाओ रैली में जुटी भीड़ के लिए धन्यवाद देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह आवाज किसी एक पार्टी की नहीं है। यह देश के युवाओं, किसानों और मजदूरों की साफ आवाज है कि हम लोकतंत्र को नष्ट नहीं होने देंगे, चाहे आप खुद को जितना भी बड़ा समझें, संविधान से बड़े नहीं हो सकते।

मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव, फारूक अब्दुल्ला जैसे विपक्षी नेताओं की मौजूदगी में राहुल गांधी ने दावा किया कि वर्षों से वोट चोरी हो रही है। मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक और 2024 के लोकसभा चुनाव सब में वोट चोरी हुई है।

2024 के चुनाव के बाद 13.3 करोड़ वोटर मतदाता सूची से हटाए गए, यानी 15 प्रतिशत वोटर बाहर किए गए। 2024 में राजग और विपक्ष के बीच केवल तीन प्रतिशत वोटों का फर्क था। इसका मतलब है कि यह चोरी का चुनाव था और यह बात खुद चुनाव आयोग कह रहा है।

रैली के लिए खरगे के आवास से एक साथ निकले विपक्षी दिग्गजों के साथ राहुल गांधी कुछ किलोमीटर तक खुली जीप में सवार होकर सड़कों पर उमड़ी भारी भीड़ के साथ मार्च करते हुए रामलीला मैदान पहुंचे। सबसे अंत में संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार का कृत्य सामान्य चोरी नहीं है। कानून की भाषा में इसे 'रेयरेस्ट आफ रेयर' कहते हैं और यह देशद्रोह है।

राहुल गांधी ने कहा-अमित शाह कहते हैं कि कि नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जा रहे। मैं बता दूं कि अगर वह जाना भी चाहें तो हम जाने नहीं देंगे। नरेंद्र मोदी और अमित शाह, आप बात समझिए। ज्ञानेश कुमार के बाद हम आपके सामने खड़े होने जा रहे हैं। भूलिए मत जो वोट चोरी की है उसमें नरेंद्र मोदी और अमित शाह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी ही होगी।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने वोट चोरी की लड़ाई को मोदी हटाओ, लोकतंत्र बचाओ अभियान में तब्दील करने की घोषणा करते हुए कहा कि जब तक भाजपा को सत्ता से हटाया नहीं जाता, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी।

राजद नेता तेजस्वी यादव ने विपक्ष के जुटान को "वोट चोरों" के खिलाफ 'महाभारत' बताते हुए ज्ञानेश कुमार पर प्रहार किया। ममता बनर्जी ने बंगाल चुनाव को एसआईआर का शिकार बनाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि हम हारे नहीं, वोट काटकर चुनाव लूटा गया है। हम ऐसा करने वालों को छोड़ेंगे नहीं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।