यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 14, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
BBC के मुंबई-दिल्ली दफ्तर में Income Tax का सर्वे, वित्तीय गड़बड़ी का आरोप; मामले पर राजनीति हुई तेज
आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक बीबीसी पर ट्रांसफर प्राइसिंग नियम का उल्लंघन एवं होने वाले लाभ को डाइवर्ट करने ...और पढ़ें

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। वित्तीय गड़बड़ी के मामले में बीबीसी के दिल्ली व मुंबई स्थित दफ्तर में मंगलवार को इनकम टैक्स विभाग का सर्वे संचालित किया गया। दोनों ही दफ्तरों में देर शाम तक सर्वे का काम जारी था। इसके बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया और विपक्ष की ओर से बीबीसी डाक्यूमेंट्री को सर्वे का कारण बताया गया।
आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक, बीबीसी पर ट्रांसफर प्राइसिंग नियम का उल्लंघन एवं होने वाले लाभ को डाइवर्ट करने का आरोप है। इन मामलों में बीबीसी को विभाग की तरफ से पहले भी कई नोटिस जारी किए गए थे। बीबीसी की तरफ से बार-बार आयकर नियमों को तोड़ने पर जांच के लिए सर्वे किया गया। माना जा रहा है कि अदाणी विवाद को लेकर पहले ही आक्रामक विपक्ष अब इस मुद्दे पर भी सरकार पर घेरा बढ़ाने की कोशिश करेगा।
.jpg)
जांच एजेंसियां अपना काम कर रही: भाजपा
भाजपा की ओर से किसी भी बदले की भावना को खारिज करते हुए कहा गया कि जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और उसके कामकाज में किसी को हस्तक्षेप नहीं देना चाहिए। बीबीसी की तरफ से ट्वीट कर कहा गया कि वह आयकर विभाग के साथ पूरा सहयोग कर रहा है और उसे इस मामले के जल्द ही सुलझ जाने का भरोसा है। बताया जा रहा है कि सर्वे के दौरान बीबीसी के कर्मचारियों को बाहर निकलने और फोन काल की इजाजत नहीं दी गई। आयकर अधिकारियों ने केवल वित्तीय विभाग का सर्वे किया और बताया जाता है कि उसके कंप्यूटर के पासकोड भी लिए गए, ताकि उन्हें खंगाला जा सके।
अपने लाभ को कहीं और डायवर्ट करने का आरोप
आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक, बीबीसी कई वर्षों से ट्रांसफर प्राइसिंग नियम का उल्लंघन कर रहा था। इस वजह से बीबीसी को कई नोटिस भी विभाग की तरफ से दिए गए थे। इसके बावजूद बीबीसी अपने होने वाले लाभ को कहीं और डायवर्ट कर रहा था। विभाग इस बात की जांच करेगा कि लाभ को किन जगहों पर डायवर्ट किया गया।

किन-किन लोगों को लाभ पहुंचाया गया, जांच कर रहा विभाग
सूत्रों के मुताबिक इस बात की भी जांच की जा रही है कि टैक्स लाभ के अलावा अनधिकृत तरीके से किन-किन लोगों को लाभ पहुंचाया गया। इस प्रकार की कार्रवाई नियमित रूप से होती रहती है और आयकर नियमों के मुताबिक इस प्रकार की कार्रवाई को सर्वे कहा जाता है। अभी आयकर विभाग की तरफ से आधिकारिक रूप से कोई बयान जारी नहीं किया गया है। सर्वे पूरा होने के बाद ही विभाग की तरफ से पूरी जानकारी दी जाएगी। तभी यह पता चल सकेगा कि बीबीसी की तरफ से जान-बूझकर वित्तीय गड़बड़ी की गई थी या नहीं।
जानें क्या होती है ट्रांसफर प्राइसिंग
किसी एक कंपनी का कोई विभाग किसी दूसरे विभाग से वस्तु या सेवा की खरीद-बिक्री करता रहता है। उनके बीच कोई नकदी का आदान-प्रदान नहीं होता है, बस उसे अकाउंट में चढ़ा लिया जाता है। आयकर की भाषा में इसे ट्रांसफर प्राइसिंग कहते हैं। ट्रांसफर प्राइ¨सग पर काफी विवाद पहले भी रहा है। तभी इसके लिए आयकर विभाग ने नियम बनाए हैं।
