केरल में 35 लाख से ज्यादा महिलाओं ने बनाई 620 किलोमीटर लंबी मानव दीवार
केरल में पहली बार 35 लाख से ज्यादा महिलाएं राष्ट्रीय राजमार्ग पर कंधा से कंधा मिलाकर खड़ी हुईं।
तिरुवनंतपुरम, प्रेट्र। केरल में पहली बार 35 लाख से ज्यादा महिलाएं राष्ट्रीय राजमार्ग पर कंधा से कंधा मिलाकर खड़ी हुई। महिलाओं ने मंगलवार को कसारगोड़ के उत्तरी छोर से तिरुवनंतपुरम के दक्षिणी छोर तक 620 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई। राज्य की ओर से लैंगिक बराबरी बनाए रखने के लिए की गई पहल के तहत यह आयोजन किया गया था।
हजारों श्रद्धालुओं द्वारा अयप्पा ज्योति जलाने के कुछ दिनों बाद यह आयोजन किया गया है। कसारगोड़ से कन्याकुमारी तक श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित किया था। यह कदम सबरीमाला में लंबे समय से जारी परंपरा की रक्षा करने के लिए उठाया गया था।
लेखिका, एथलीट, अभिनेत्री, नेता और तकनीक से जुड़ी महिलाओं ने इसमें भाग लिया। 14 जिलों से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर शाम चार बजे यह कार्यक्रम शुरू हुआ। एकजुटता दिखाते हुए हजारों पुरुषों ने भी समानांतर में दूसरी मानव दीवार बनाई।
महिलाओं पर किया हमला
मानव दीवार बना कर खड़ी महिलाओं पर कसारगोड़ जिले के चेत्तुकुंड में कथित तौर पर भाजपा-आरएसएस के कुछ कार्यकर्ताओं ने पथराव किया। पुलिस ने बताया कि कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों पर भी पथराव किया। कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हवा में गोली चलाई और आंसू गैस के गोले छोड़े। चेत्तुकुंड भाजपा का गढ़ है।