जलपाईगुड़ी में आदिवासी महिला से हैवानियत, दुष्कर्म के बाद बाद हत्या की कोशिश
पश्चिम बंगाल में जलपाईगुड़ी के धुपगुड़ी में बदमाशों ने पहले आदिवासी महिला के साथ दुष्कर्म किया, गला घोंटकर मारने का प्रयास किया।
जलपाईगुड़ी, जागरण संवाददाता। पश्चिम बंगाल में जलपाईगुड़ी के धुपगुड़ी में शनिवार को निर्भया कांड दोहराया गया है। निरंजन पाट इलाके के मध्यपाड़ा गांव में बदमाशों ने पहले आदिवासी महिला के साथ दुष्कर्म किया, गला घोंटकर मारने का प्रयास किया। वे इतने पर भी नहीं माने और प्राइवेट पार्ट में रॉड डालकर हैवानियत की हदें पार कर दीं। पीड़िता अस्पताल में जिंदगी व मौत से जूझ रही है। पुलिस ने मामले में दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार की शाम करीब सात बजे आदिवासी महिला को पड़ोसी रतनु मुंडा घर से बुलाकर ले गया। उसे सूनी जगह पर ले जाकर उसके हाथ-पैर बांध दिए तथा रतनु, उसके दोस्त मुन्ना व परिमल राय ने दुराचार किया। इसके बाद उन लोगों ने गला घोंटकर उसकी हत्या की कोशिश की। इतना ही नहीं, महिला के प्राइवेट पार्ट में लोहे का रॉड डाल दिया गया।
रविवार की सुबह ग्रामीणों ने महिला को नदी किनारे खून से लथपथ स्थिति में देखा। ग्रामीण तत्काल उसको धुपगुड़ी अस्पताल ले गए। महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए जलपाईगुड़ी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलने पर जलपाईगुड़ी पुलिस हरकत में आई। जलपाईगुड़ी एसपी ने धुपगुड़ी थाना पुलिस को अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी का आदेश दिया।
धुपगुड़ी थाना पुलिस तत्काल कार्रवाई करते हुए रतनु मुंडा व परिमल राय को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मामले की जांच कर रही है। धुपगुड़ी के पूर्व विधायक तथा माकपा नेता ममता राय ने घटना को शर्मनाक करार दिया है। साथ ही सभी आरोपियों को कठोर सजा देने की मांग की है।