मानसून पूर्व बारिश में 27 फीसद की कमी, विशेषज्ञों ने जताई चिंता, बोले- यह स्थिति भयावह
मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक मानसून से पहले मार्च से अप्रैल तक होने वाली बारिश में 27 फीसद की कमी दर्ज की गई है। वैज्ञानिकों ने बारिश में इस कमी की स्थिति को भयावह बताया है।
नई दिल्ली, पीटीआई। मानसून से पहले मार्च से अप्रैल तक होने वाली बारिश में 27 फीसद की कमी दर्ज की गई है। यह जानकारी मौसम विभाग (आईएमडी) ने दी। मानसून पूर्व बारिश देश के कुछ हिस्सों में खेती के लिए काफी अहमियत रखती है। अमूमन मार्च से मई के अंत तक रहने वाला यह समय महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि यह तापमान में कमी लाने में मददगार होता है।
मौसम विभाग ने देश भर में एक मार्च से 24 अप्रैल के बीच 59.6 मिलीमीटर की सामान्य वर्षा के मुकाबले महज 43.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की है। यह दीर्घकालीन औसत (एलपीए) का 27 फीसदी कम है। एलपीए 50 साल की अवधि में दक्षिण पश्चिम मानसून के दौरान देश भर में हुई औसत वर्षा को कहा जाता है। मौसम विभाग ने बताया कि सबसे अधिक 38 फीसदी कमी मौसम विभाग के उत्तरपश्चिम भाग में दर्ज की गई।
विभाग के मुताबिक, इस क्षेत्र में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश आते हैं। इसके बाद 31 फीसद कमी दक्षिणी प्रायद्वीप में दर्ज की गई जिसमें दक्षिण भारत के सभी पांच राज्य और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के अलावा गोवा एवं तटीय महाराष्ट्र आते हैं। पूर्व एवं पूर्वोत्तर भारत में 23 फीसद कमी दर्ज की गई। मध्य भारत एकमात्र ऐसा क्षेत्र है, जहां सामान्य से पांच प्रतिशत ज्यादा वर्षा दर्ज की गई।
स्काइमेट के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने कहा कि बारिश में कमी की यह स्थिति भयावह लगती है, क्योंकि देश के बड़े हिस्से में भीषण गर्मी पड़ रही है और 17 अप्रैल के बाद से कोई बड़ी राहत नहीं मिली है। वहीं, मौसम विभाग के अतिरिक्त महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि मानसून से पहले होने वाली बारिश का एक कारण देश के कई हिस्सों में मार्च से जून के बीच पड़ने वाली भीषण गर्मी होती है। इससे अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में विक्षोभ पैदा होता है।
मौसम विभाग के पूर्व महानिदेशक लक्ष्मण सिंह राठौर ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों एवं पश्चिमी घाट में मानसून से पहले की बारिश फसलों की रोपाई के लिए जरूरी होती है। उन्होंने बताया कि गन्ना और कपास जैसी फसलों के लिए सिंचाई की अधिक जरूरत पड़ती हैं, लेकिन उन्हें मानसून पूर्व बारिश की भी अतिरिक्त जरूरत होती है।
राठौर के मुताबिक, भारत के कई हिस्सों में मानसून से पहले बारिश होती है जो देश के कृषि प्रधान क्षेत्रों के लिए अहम है। हिमालय के पहाड़ी भाग में मानसून पूर्व बारिश सेव जैसे फलों के पौधरोपण के लिए भी आवश्यक होती है। इतना ही नहीं, मानसून पूर्व बारिश जंगलों में लगने वाली आग को रोकने में भी मददगार होती है।