IIT बॉम्बे सुसाइड केस में साहिल के आईफोन में बंद हैं कौन-से राज? मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही जांच
आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे आत्महत्या मामले की जांच में एक पैटर्न-लॉक iPhone 17 अहम कड़ी बन गया है, जिससे डेटा निकालना मुश्किल हो रहा है।
-1789996767838-1790329739981_m.webp)
साहिल के पैटर्न-लॉक iPhone 17 से डेटा निकालना चुनौती बना
HighLights
साहिल के पैटर्न-लॉक iPhone 17 से डेटा निकालना चुनौती बना।
क्राइम ब्रांच 47 मिनट के अंतराल और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही।
परिवार ने जातिगत उत्पीड़न का आरोप लगाया, प्रोफेसर छुट्टी पर।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे के सुसाइड केस में जांच लगातार जारी है। अब इस जांच में एक iPhone 17 सामने आया है। जो इस जांच की हर एक कड़ी को सुलझाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
किसका है iPhone और जांच में कैसे बना अहम?
सूत्रों के मुताबिक साहिल का iPhone मिला है जिसमें घटना से जुड़ी कई जानकारी हो सकती हैं, लेकिन ये iPhone पैटर्न लॉक से सुरक्षित है, जिसकी वजह से जांचकर्ता अभी तक यह पता नहीं लगा पाए हैं कि उसने किसे कॉल किया था या किसने उसे कॉल किया था, जिससे डिवाइस के डेटा तक पहुंचना जांचकर्ताओं के लिए मुश्किल हो गया है।
सूत्रों ने कहा कि क्राइम ब्रांच के पास पुराने iPhone मॉडल से डेटा निकालने के लिए फोरेंसिक टूल हैं, लेकिन नए iPhone से डेटा निकालने की कोशिश में तकनीकी दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है।
फोन का पूरा डेटा एन्क्रिप्टेड है, इसलिए बिना पैटर्न के डिवाइस तक पहुंचना मुश्किल है, जिसके चलते क्राइम ब्रांच दूसरी एजेंसियों या एडवांस्ड डिजिटल-फोरेंसिक क्षमताओं वाले खास विशेषज्ञों से मदद लेने पर विचार कर रही है।
साहिल का लैपटॉप भी जब्त कर लिया गया है और उसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। वहीं साथ ही परीक्षा हॉल, IIT बॉम्बे कैंपस और हॉस्टल के CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है।
क्राइम ब्रांच इस पूरे मामले की तह तक पहुंचने के लिए फोन के डेटा, लैपटॉप से मिले सबूत, CCTV फुटेज, कॉल डिटेल और गवाहों के बयानों के जरिए 18 सितंबर को हुए पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश कर रही है।
अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक साहिल दोपहर 12:38 बजे परीक्षा हॉल से निकला और दोपहर 1:25 बजे अपने हॉस्टल के कमरे में पहुंचा यानी दोनों के बीच लगभग 47 मिनट का अंतर था.. अब क्राइम ब्रांच उन 47 मिनट में क्या हुआ इसकी जांच करने की कोशिश में जुटी है..
विवाद के बीच CCTV फुटेज वायरल
साहिल वाकोडे की मौत से पहले हुई घटनाओं को लेकर बढ़ते विवाद के बीच IIT बॉम्बे के परीक्षा हॉल का एक CCTV क्लिप वायरल हो गया। यह फुटेज तब सामने आया है जब मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच वाकोडे की मौत के दिन की गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
वीडियो क्लिप में पहली लाइन में बैठा एक छात्र परीक्षा हॉल से बाहर जाता दिख रहा है, जबकि बाकी छात्र पेपर देते दिख रहे हैं। सोशल मीडिया अकाउंट्स ने हॉल से बाहर जा रहे छात्र की पहचान साहिल के तौर पर की है। हालांकि क्लिप से उसकी पहचान की सही से पुष्टि नहीं हो पाई है।
परिजनों ने उत्पीड़न का लगाया आरोप
साहिल के परिवार ने जाति-आधारित उत्पीड़न का आरोप लगाया है और गुरुवार को उसके माता-पिता ने उसको परेशान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर भूख हड़ताल शुरू की, जबकि विवाद के बीच संस्थान ने अपनी मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं टाल दीं।
उसी दिन IIT बॉम्बे ने अपने पिछले बयान के लिए फिर से मांगी, जिसमें कहा गया था कि परीक्षा में ChatGPT का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने के कुछ घंटे बाद साहिल ने आत्महत्या कर ली थी।
साहिल के पिता ने NDTV को एक वायरल वीडियो के बारे में पूछे जाने पर बताया, 'यह जांच का विषय है मैं ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा। पूरा वीडियो लीक क्यों नहीं किया जा रहा है?' उन्होंने आगे कहा कि पिछले कुछ महीनों में इस बड़े संस्थान के कैंपस में छात्रों की आत्महत्याओं की बढ़ती घटनाओं की ओर इशारा किया।
अब तक 20 लोगों के बयान दर्ज
सूत्रों के अनुसार, मुंबई क्राइम ब्रांच ने अब तक छात्र की आत्महत्या के सिलसिले में 20 लोगों के बयान दर्ज किए हैं। इन बयानों में संस्थान के छात्र और कुछ स्टाफ सदस्य शामिल हैं।
जांचकर्ताओं ने उन छात्रों के बयान भी दर्ज किए हैं जो परीक्षा हॉल में मौजूद थे और परीक्षा की निगरानी करने वाले शिक्षकों की से भी मामले में पूछताछ की है। जांच के हिस्से के तौर पर हॉस्टल स्टाफ सदस्यों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। हालांकि प्रोफेसर डूला जिन पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है उनका बयान अभी तक दर्ज नहीं किया गया है।
प्रोफेसर डूला को छुट्टी पर भेजा
IIT बॉम्बे के फैक्ल्टी सदस्य सूर्यनारायण डूला, जिनका नाम FIR में जातिगत भेदभाव के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में शामिल है, उन्हें मामले की निष्पक्ष जांच के लिए छुट्टी पर भेज दिया गया है।
क्या है साहिल सुसाइड केस
18 सितंबर को एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के 22 साल के सेकंड-ईयर स्टूडेंट साहिल का शव शाम को उसके हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला था। उससे कुछ घंटे पहले ही मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान Chat-GPT का इस्तेमाल करते हुए कथित तौर पर पकड़ा गया था।
