31 दिसंबर तक वायु सेना को मिल सकता है भारत में बना पहला C295 विमान, निजी क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि
भारतीय वायु सेना को 31 दिसंबर तक अपना पहला स्वदेशी C295 ट्रांसपोर्ट विमान मिल सकता है, जिसका निर्माण टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स और एयरबस मिलकर भारत में कर रहे हैं।

भारतीय वायु सेना को मिलेगा पहला भारत निर्मित C295 ट्रांसपोर्ट विमान (फोटो-सोशल मीडिया)
HighLights
पहला स्वदेशी C295 विमान वायु सेना को दिसंबर तक।
टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स और एयरबस मिलकर भारत में बना रहे।
पुराने एवरो विमानों की जगह लेगा, सीमा पर क्षमता बढ़ाएगा।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय वायु सेना को 31 सितंबर तक अपना पहला स्वदेशी रूप से निर्मित C295 ट्रांसपोर्ट विमान मिल सकता हैं। यह भारत के निजी उद्योग द्वारा देश में तैयार किया गया पहला सैन्य विमान है।
अधिकारियों ने बताया कि इस विमान के अंतिम उड़ान परीक्षण और सर्टिफिकेशन का काम अंतिम चरण में है। टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (TASL) और एयरबस का लक्ष्य साल के आखिर तक इसकी डिलीवरी पूरी करना है।
डिलीवरी के बाद इसे आगरा या वडोदरा स्थित वायु सेना के दो C295 स्क्वाड्रन में से किसी एक में शामिल किया जाएगा।
21,935 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक डील
रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए सितंबर 2021 में रक्षा मंत्रालय ने एयरबस के साथ 56 विमानों के लिए 21,935 करोड़ रुपये का अनुबंध किया था। इस समझौते के तहत एयरबस स्पेन से 16 विमान फ्लाईअवे स्थिति में पहले ही सौंप चुका है, जबकि शेष 40 विमानों का निर्माण व असेंबलिंग भारत में TASL और एयरबस मिलकर कर रहे हैं।
भारत में बने इस पहले विमान की डिलीवरी पहले सितंबर के अंत में होनी थी, लेकिन कुछ मामूली तकनीकी दिक्कतों को दूर करने के कारण इसमें थोड़ा समय लगा। अधिकारियों के अनुसार, शेष 39 विमान अगस्त 2031 तक वायु सेना को सौंप दिए जाएंगे।
बढ़ेगी वायु सेना की ताकत
31 अक्टूबर को वायु सेना प्रमुख का पद संभालने वाले एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित के लिए आत्मनिर्भरता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अपने VAYU विजन के तहत तैयारी, आत्मनिर्भरता, युक्ति और प्रयासों में एकता पर जोर दिया है।
अगले साल IAF द्वारा अपना तीसरा C295 स्क्वाड्रन बनाना शुरू करने की उम्मीद है। ये विमान 1960 के दशक के पुराने एवरो विमानों की जगह लेंगे और चीन से सटे सीमावर्ती इलाकों में लॉजिस्टिक क्षमताओं को मजबूती देंगे।
क्या हैं C295 विमान की खूबियां?
स्वदेशी निर्माण: इस प्रोग्राम के तहत भारत में 13,000 से अधिक पुर्जे और 4,600 सब-असेंबली तैयार की जा रही हैं, जबकि इंजन, लैंडिंग गियर और एवियोनिक्स एयरबस द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
क्षमता और रफ्तार: प्रैट एंड व्हिटनी PW127G टर्बोप्रॉप इंजन से लैस यह विमान 9 टन पेलोड, 71 सैनिक या 45 पैराट्रूपर्स ले जा सकता है। इसकी अधिकतम गति 480 किमी प्रति घंटा है।
दुर्गम इलाकों में संचालन: यह छोटी या कच्ची हवाई पट्टियों से भी उड़ान भर और उतर सकता है। साथ ही, सैनिकों और रसद को पैराशूट से गिराने के लिए इसके पिछले हिस्से में एक विशेष रैंप दिया गया है।