विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हैदराबाद में 6.78 करोड़ के नकली नोट जब्त, किराए के मकान में चल रहा था 'कारखाना'; चार गिरफ्तार

Published: Wed, 04 Nov 2026 10:27 AM (IST)

हैदराबाद पुलिस ने 6.78 करोड़ रुपये के नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

HighLights

  1. हैदराबाद में 6.78 करोड़ रुपये के नकली नोटों का भंडाफोड़।

  2. चार आरोपी गिरफ्तार, किराए के मकान में नकली नोटों का कारखाना।

  3. गिरोह नकली पुलिस बनकर लोगों से लाखों रुपये ठगता था।

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। अब्दुल्लापुरमेट पुलिस और शादनगर स्पेशल ऑपरेशंस टीम (SOT) ने हैदराबाद में जाली नोट छापने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 500 रुपये के जाली नोट जब्त किए हैं।

पुलिस कमिश्नर तरुण जोशी ने बताया, 1 नवंबर को नेशनल हाईवे 65 पर रामोजी फिल्म सिटी के पास एक कार में सवार इन आरोपियों को पकड़ा गया।

500 रुपये के जाली नोट जब्त

तेलंगाना पुलिस ने इस ऑपरेशन के दौरान, 500 रुपये के जाली नोट जब्त किए, जिनकी कुल कीमत 6.78 करोड़ रुपये है। पुलिस कमिश्नर तरुण जोशी ने बताया कि इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच चल रही है।

यह गिरोह अब्दुल्लापुरमेट पुलिस और शादनगर SOT के संयुक्त ऑपरेशन में पकड़ा गया। गिरफ्तार किए गए चार लोगों की पहचान मदुपोजु करनाकर, चिनोला माणिक्य रेड्डी, चेरुकुपल्ली रत्नाकर रेड्डी और करणम अजय कुमार के रूप में हुई है।

जांच के दौरान पुलिस को कुंतलूर में एक किराए के घर में चल रहे नकली नोट छापने के ठिकाने का पता चला। वहां से प्रिंटर, एक लैपटॉप, नोट काटने वाली मशीनें और अन्य उपकरण जब्त किए गए।

नकली पुलिस बनकर लोगों से ठगे लाखों रुपये

पुलिस कमिश्नर ने बताया, 'आरोपी अपनी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए नकली पुलिस पहचान पत्रों और उपकरणों का इस्तेमाल करते थे, ताकि लोगों में डर पैदा किया जा सके और उन्हें धोखा दिया जा सके।'

जांचकर्ताओं को पता चला कि यह गिरोह शुरू में नकली नोट चलाने की कोशिश करता था। वे खरीदारों को 1 लाख रुपये के असली नोट के बदले 3-4 लाख रुपये के नकली नोट देने का लालच देते थे। जब यह योजना काम नहीं आई, तो उन्होंने एक अलग तरीका अपनाया।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य पहले असली नोट दिखाकर खरीदारों का भरोसा जीतते थे। इसके बाद, उनके कुछ साथी पुलिस अधिकारी बनकर वहां आते थे, खरीदारों को कानूनी कार्रवाई की धमकी देते थे और उनके असली पैसे लेकर भाग जाते थे। ऐसी दो घटनाओं में आरोपियों ने 2 लाख रुपये और 3 लाख रुपये ठग लिए।

यह भी पढ़ें- आंध्र प्रदेश के तट से टकराया चक्रवात मुरासु, ट्रेनें-फ्लाइट रद; तेलंगाना और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।