रेस्टोरेंट में दौड़ रहे चूहे-बिल्ली, परोसा जा रहा कीड़े लगा खाना; हैदराबाद में 8 रेस्टोरेंट का लाइसेंस सस्पेंड
हैदराबाद में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई हुई है। तेलंगाना स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ने आठ रेस्टोरेंट के FSSAI लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।
HighLights
हैदराबाद में 8 रेस्टोरेंट के FSSAI लाइसेंस निलंबित किए गए।
निरीक्षण में एक्सपायर्ड खाना, गंदगी और चूहों का आतंक मिला।
तेलंगाना स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ने सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।
डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। देश में जगह-जगह फूड-सेफ्टी और खान-पान में साफ-सफाई को लेकर कार्रवाई जारी है। हैदराबाद में कई रेस्टोरेंट में साफ-सफाई में गंभीर कमियां सामने आई हैं।
रेस्टोरेंट में कमियों को देखते हुए तेलंगाना स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी फॉर फूड एंड एसेंशियल ड्रग्स (TG SAFE) ने आठ जगहों के FSSAI लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं और उन्हें तुरंत काम बंद करने का आदेश दिया है।
हैदराबाद में 8 रेस्टोरेंट के लाइसेंस रद
फूड सेफ्टी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की आठ टीमों ने गुरुवार को हैदराबाद के मुख्य शहरी इलाके में 15 जगहों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने मिलावट के शक में खाने के 16 सैंपल लिए और कई आउटलेट्स पर कीड़े-मकोड़े, एक्सपायर्ड खाना, गंदगी और किचन में साफ-सफाई की कमी पर रिपोर्ट दी।
रेस्टोरेंट में चूहों का आतंक
अधिकारी जब साइबराबाद इलाके के रायदुर्ग में 'पकवान ग्रैंड रेस्टोरेंट' में पहुंचे, तब वहां उन्हें 1,170 किलो एक्सपायर्ड चावल और 45 किलो नूडल्स मिले, जिन पर लेबलिंग में गड़बड़ी थी। रेस्टोरेंट में खराब अंडे, चूहों का आतंक और ठीक से रखरखाव न किए गए रेफ्रिजरेटर भी पाए गए।
पांच अन्य प्रतिष्ठानों, जिनमें 'गर्ल फ्रेंड मंडी', 'ईट क्लब ब्रांड्स' के 'बॉक्स 8' और 'मोजो पिज्जा' आउटलेट, 'सीजन्स एक्सप्रेस' और 'यमी बी' शामिल हैं, इन्हें सुधार के लिए नोटिस भेजे जाएंगे।
पुप्पलगुडा स्थित 'आसा नियो इंडियन किचन' के खिलाफ भी कारण बताओ नोटिस जारी करने का प्रस्ताव है और आगे फिर दोबारा गड़बड़ी मिलने पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई भी हो सकती है।
साइबराबाद में ही गचीबोवली में 'अरोमा मल्टी-कुजीन रेस्टोरेंट' का लाइसेंस भी सस्पेंड किया गया, जिसे Acsys Hospitality LLP चलाता है। यहां कॉकरोच और चूहों का भारी आतंक, कीड़ों से दूषित खाना, एक्सपायर्ड फूड प्रोडक्ट्स और परिसर में बिल्लियां मिलीं। जरूरी पेस्ट-कंट्रोल और फूड-हैंडलर के हेल्थ रिकॉर्ड भी नहीं रखे गए थे।
अन्य जिन जगहों के FSSAI लाइसेंस सस्पेंड किए गए, उनमें सफिलगुडा में 'आदित्य रेस्टोरेंट एंड बार', बेगम बाजार में 'वैष्णवी दर्शनी', कोठापेट में 'स्पाइसी हब' (ग्रीन ट्रीट रेस्टोरेंट), हफीजपेट में 'गोदावरी घुमाघुमालु', गोपनपल्ली में 'श्री कृष्णा फैमिली ढाबा प्योर वेज' और कोंडापुर में 'श्री साई मेस' (जो 'बाबाई होटल' की एक यूनिट है) शामिल हैं।
