हैदराबाद: बाइक समेत उफनते नाले में गिरा डिलीवरी ब्वॉय, बाल-बाल बची जान
हैदराबाद में मूसलाधार बारिश के दौरान एक जेप्टो डिलीवरी एग्जीक्यूटिव अपनी मोटरसाइकिल सहित उफनते नाले में गिर गया।
HighLights
हैदराबाद में डिलीवरी एग्जीक्यूटिव नाले में गिरा।
पुलिस और बचाव दल ने सुरक्षित बाहर निकाला।
भारी बारिश से शहर में जलभराव, ट्रैफिक जाम।
डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में शुक्रवार शाम हुई मूसलाधार बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। शहर के जलभराव वाले इलाके में 46 वर्षीय जेप्टो डिलीवरी एग्जीक्यूटिव अपनी मोटरसाइकिल सहित बारिश के पानी से भरे एक उफनते नाले में गिर गया। पुलिस और आपात टीम ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
नियंत्रण खोने से हुआ हादसा
यह घटना शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे की है, जब शहर के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश के कारण सड़कों पर भारी जलभराव हो गया था और पानी का बहाव बेहद तेज था। पीड़ित की पहचान घंटासाला अर्जुन कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अर्जुन कुमार बारिश के बीच डिलीवरी देने जा रहे थे। रास्ते में जलजमाव और खराब दृश्यता के चलते उनकी मोटरसाइकिल से नियंत्रण छूट गया और वो सड़क किनारे स्थित एक खुले नाले में जा गिरा।
बचाव दल ने बचाया
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और बचाव दल की टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंची। पानी के तेज बहाव और मुश्किल हालात के बावजूद बचाव कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद अर्जुन कुमार को नाले से बाहर खींच निकाला। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।
हालांकि, तेज बहाव के कारण उनकी मोटरसाइकिल नाले में बह गई, जिसे अधिकारी तुरंत बाहर नहीं निकाल सके।
सड़कों पर ट्रैफिक जाम
शुक्रवार की बारिश से शहर के कई प्रमुख मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने नागरिकों और चालकों को जलभराव वाले इलाकों और तेज बहाव वाले नालों से दूर रहने की अपील की है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने हैदराबाद सहित तेलंगाना के कई हिस्सों में मानसून के बाद भी मौसम खराब रहने का अनुमान जताया है। हैदराबाद, रंगारेड्डी और मेडचल-मलकाजगिरी जिलों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने 2 और 3 नवंबर को भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।