हैदराबाद:पॉक्सो आरोपी ने पत्नी और दो बेटों सहित छह लोगों की कर दी हत्या, जमानत पर आया था बाहर
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में पॉक्सो आरोपित ने अपनी पत्नी, दो बेटों और नाबालिग लड़की के परिवार के तीन सदस्यों सहित छह लोगों की हत्या कर दी।

पॉक्सो आरोपित ने छह लोगों की हत्या की
HighLights
पॉक्सो आरोपी राजकुमार ने छह लोगों की निर्मम हत्या की।
मृतकों में पत्नी, दो बेटे और नाबालिग लड़की का परिवार शामिल।
अग्रिम जमानत पर बाहर आकर की वारदात, आरोपी फरार।
डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में पॉक्सो मामले के आरोपित पी. राजकुमार ने अग्रिम जमानत मिलने के बाद अपनी पत्नी और दो बेटों सहित छह लोगों की निर्मम हत्या कर दी। मृतकों में उसके खिलाफ शिकायत करने वाले परिवार के तीन सदस्य भी शामिल हैं। आरोपित ने शुक्रवार देर रात अलग-अलग जगहों पर ये हत्याएं कीं।
फ्यूचर सिटी पुलिस कमिश्नर तरुण जोशी ने बताया कि 35 वर्षीय राजकुमार एक किसान है। वह पहले शाबाद शहर में नाबालिग लड़की के घर गया और उसकी मां तथा सोई हुई नानी की हत्या कर दी। इसके बाद वह नाबालिग लड़की को कार में अपने पैतृक गांव धैवलगुड़ा ले गया और एक झील के पास चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद राजकुमार अपने घर गया। उसने अपनी पत्नी और दो बेटों की हत्या कर दी।
इसी साल मई में राजकुमार के खिलाफ नाबालिग लड़की का पीछा करने और उसे परेशान करने के आरोप में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। यह मामला नाबालिग लड़की के परिवार की शिकायत पर दर्ज किया गया था। उसे हाल ही में इस मामले में अग्रिम जमानत मिल गई थी।
पुलिस ने बताया कि हत्याओं के तुरंत बाद राजकुमार ने अपने पिता को फोन कर अपराध कबूल किए और कहा कि वह आत्महत्या करने जा रहा है। इसके बाद उसके माता-पिता ने पुलिस को मामले की सूचना दी। राजकुमार घटनास्थल से भाग गया और अभी फरार है।
पुलिस ने कहा कि जांचकर्ताओं को शक है कि आरोपित के मन में नाबालिग लड़की के प्रति गहरी रंजिश थी। लेकिन, अपनी पत्नी और दो बेटों की हत्या के पीछे का मकसद पता नहीं चल पाया है। उसके परिवार वालों ने कहा है कि उसे जुए की लत थी और उसने कर्ज ले रखा था, जिसकी वजह से वह परेशान रहता था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।