हुमायूं कबीर ने संन्यास का इरादा बदला, डेढ़ माह पहले राजनीति छोड़कर दुबई चले जाने का किया था एलान
रेजिनगर उपचुनाव में बेटे की हार के बाद राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा करने वाले हुमायूं कबीर ने डेढ़ महीने में अपना निर्णय बदल लिया है।

हुमायूं कबीर (File Photo)
HighLights
हुमायूं कबीर ने राजनीति से संन्यास का फैसला बदला।
डेढ़ महीने बाद सक्रिय राजनीति में वापसी की घोषणा की।
2029 लोकसभा चुनाव में दो सीटों से लड़ेंगे चुनाव।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। रेजिनगर विधानसभा उपचुनाव में बेटे की हार के बाद राजनीति से संन्यास लेकर दुबई जाने की घोषणा करने वाले आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर ने डेढ़ महीने में अपना निर्णय बदल लिया है। उन्होंने सक्रिय राजनीति में लौटने की घोषणा करते हुए 2029 के लोकसभा चुनाव में मुर्शिदाबाद जिले की दो सीटों बहरमपुर और मुर्शिदाबाद से चुनाव लड़ने की बात कही है।
हुमायूं ने कहा कि उनकी लंबे समय से इच्छा रही है कि वह लोकसभा चुनाव में दो सीटों से मैदान में उतरें। हालांकि, परिसीमन के कारण यदि दोनों सीटों के समीकरण में बदलाव होता है तो स्थिति अलग हो सकती है, अन्यथा वह पिछले विधानसभा चुनाव की तरह लोकसभा चुनाव में भी दो सीटों से अपनी किस्मत आजमाएंगे।
रेजिनगर विस उपचुनाव के दौरान हुमायूं ने राज्य सरकार और पुलिस-प्रशासन पर अपने नेताओं व कार्यकर्ताओं को परेशान करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि पुलिस ने झूठे मामले दर्ज कर उनके समर्थकों को चुनावी मैदान से लगभग बाहर कर दिया था। इस व्यवस्था से लड़ते-लड़ते वह थक चुके हैं और सक्रिय राजनीति छोड़कर विदेश चले जाएंगे।