Move to Jagran APP

विदेशियों की नजर में भारत की रैकिंग सुधरी, 12 पायदान का उछाल

एचएसबीसी के मुताबिक, अर्थव्यवस्था, अनुभव और पारिवारिक मानकों के संयुक्त पैमाने पर इस साल भारत 12 पायदान ऊपर आया है।

By Tilak RajEdited By: Fri, 29 Sep 2017 09:50 AM (IST)
विदेशियों की नजर में भारत की रैकिंग सुधरी, 12 पायदान का उछाल
विदेशियों की नजर में भारत की रैकिंग सुधरी, 12 पायदान का उछाल

मुंबई, पीटीआइ। विदेशियों के रहने और काम करने के लिहाज से भारत की रैंकिंग में जबर्दस्त उछाल आया है। इस मामले में ग्लोबल रैंकिंग में भारत 14वें स्थान पर पहुंच गया है। पिछले साल के मुकाबले भारत की स्थिति में 12 स्थान का उछाल आया है। एचएसबीसी के सर्वेक्षण में यह बात सामने आई है। इस साल मार्च और अप्रैल के दौरान 159 देशों के 27,587 लोगों पर यह सर्वेक्षण किया गया। इसमें सिंगापुर प्रवासियों की पहली पसंद रहा।

एचएसबीसी के मुताबिक, अर्थव्यवस्था, अनुभव और पारिवारिक मानकों के संयुक्त पैमाने पर इस साल भारत 12 पायदान ऊपर आया है। भारत में बहुत से विदेश से प्रवासी काम और वित्तीय अवसर की तलाश में आते हैं, लेकिन अब यहां आने वाले अपने परिवार के लिए भी इसे बेहतर जगह मान रहे हैं। पेशेवर तरक्की के मामले में भारत प्रवासियों की पसंद के टॉप 10 देशों में शामिल हो गया है।

करियर में निखार के लिहाज से भारत को बेहतर बताने वाले प्रवासियों की संख्या में पिछले साल के मुकाबले 12 फीसद की वृद्धि हुई है। करीब 63 फीसद प्रवासियों ने इस मामले में भारत को अच्छा देश बताया है। इस श्रेणी में भारत की रैंकिंग सातवीं है। सर्वे में 71 फीसद विदेशी प्रवासियों ने यहां की अर्थव्यवस्था में भरोसा जताया।

राजनीतिक स्थिरता को लेकर 58 फीसद प्रवासी आशावादी दिखे। 50 फीसद से ज्यादा प्रवासियों ने व्यापार शुरू करने की दृष्टि से अच्छा देश बताया। परिवार के साथ बसने के मामले में भारत प्रवासियों की दूसरी पसंद बन गया है। ज्यादातर का मानना है कि यहां आने से उनकी पारिवारिक जिंदगी अच्छी हुई है। 48 फीसद विदेशियों का मानना है कि यहां बच्चे आसानी से दोस्त बना लेते हैं। इस मामले में भारत तीसरे स्थान पर है।

यह भी पढ़ें: पाक ने कहा- यूएन के फोटो को छोडि़ए, कश्‍मीर के हालात को कैसे झुठलाएगा भारत