होर्मुज स्ट्रेट में भारी तनाव, ईरानी हमले में पनडुब्बी ड्रोन डूबा; सुपरटैंकर समेत 3 जहाजों में विस्फोट के बाद लगी भीषण आग
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में एक पनडुब्बी ड्रोन डुबोने और तीन टैंकरों पर हमले का दावा किया, जिससे उनमें आग ...और पढ़ें

होर्मुज में सुपरटैंकर समेत दो में विस्फोट के बाद लगी आग (फोटो-ANI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में नए हमलों की तैयारी में जुटे अमेरिका से बेफिक्र ईरान ने शुक्रवार को दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट में रिवोल्यूशनरी गार्ड नौसेना के हमले में दुश्मन का एक पनडुब्बी ड्रोन डूब गया। वहीं, अवैध रास्ते से स्ट्रेट पार करने की कोशिश कर रहे तीन टैंकर समुद्री माइंस की चपेट में आ गए। इससे विस्फोट के बाद उनमें आग लग गई। इनमें एक सुपरटैंकर भी शामिल है। जहाजों पर 20 लाख बैरल कच्चा तेल लदा था।
इसके अलावा, रॉयटर्स के अनुसार, दावा किया गया कि दो जहाजों को रोककर ईरानी नौसेना ने उन पर कब्जा कर लिया। ईरान ने चेतावनी दी है कि अवैध रास्ते से होर्मुज स्ट्रेट में आवागमन भारी पड़ सकता है। मेजर जनरल यजीदी ने एक बयान में कहा कि जब तक ईरान की शर्तें नहीं मान ली जाती हैं, तब तक होर्मुज स्ट्रेट बंद रहेगा।
अल जजीरा के अनुसार, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर कच्चे तेल की कीमतों पर भी दिखा। ब्रेंट क्रूड ढाई प्रतिशत उछलकर 118 डालर प्रति बैरल पर जा पहुंचा। अमेरिका के वेस्ट टेक्सास में तेल की कीमत दो प्रतिशत बढ़कर 104 डालर पहुंच गई। इस महीने कच्चे तेल की कीमत में 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो चुकी है। विश्व बैंक ने ऊर्जा कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी की आशंका जताई है।
वाल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप को ईरान के खिलाफ सैन्य विकल्पों के बारे में जानकारी दी। अमेरिकी मीडिया में ऐसी खबरें हैं कि मध्यावधि चुनाव, तीन नवंबर, के बाद ट्रंप ईरान पर हमले की घोषणा कर सकते हैं। बैठक में रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, ज्वाइंट चीफ्स आफ स्टाफ चेयरमैन जनरल डैन कैन और अन्य कैबिनेट सदस्य भी शामिल हुए।
रॉयटर्स के अनुसार, ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि ईरान युद्ध जल्दी ही समेट लिया जाएगा। कंसास सिटी रेडियो स्टेशन (केसीएमओ) से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि हमें गारंटी चाहिए कि ईरान कभी परमाणु हथियार नहीं बनाएगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका चुनाव से पहले ईरान पर हमला नहीं करेगा।
ईरानी नौसेना ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट के पूर्वी क्षेत्र में दो तेल टैंकरों के समुद्री माइंस से टकराने और विस्फोट के कारण आग लग गई। इसके अलावा दक्षिणी हिस्से से बाहर निकलने का प्रयास कर रहे दो टैंकरों को आईआरजीसी नौसेना ने रोक लिया। इसके अलावा एक सुपरटैंकर भी समुद्री माइंस की चपेट में आ गया। विस्फोट के बाद उसमें भी आग लग गई। ओमान की नौसेना ने कहा कि उसने एक जहाज से 25 नाविकों को सुरक्षित निकाला।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।