विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'इतिहास हमें एट्टप्पन नहीं, वीर कट्टबोम्मन के रूप में याद करेगा'; स्टालिन का राहुल गांधी को जवाब

Published: Sun, 29 Nov 2026 11:51 PM (IST)

द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन ने राहुल गांधी को जवाब देते हुए कहा कि उनकी पार्टी के फैसलों में तमिलनाडु और उसके लोगों का कल्याण सर्वोपरि है।

स्टालिन का राहुल गांधी को जवाब (फोटो-PTI)

स्टालिन का राहुल गांधी को जवाब (फोटो-PTI)

HighLights

  1. द्रमुक के फैसलों में तमिलनाडु का कल्याण सर्वोपरि।

  2. परिसीमन मुद्दे पर राज्य के अधिकारों से समझौता नहीं।

  3. इतिहास हमें कट्टबोम्मन के रूप में याद करेगा।

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन ने रविवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से कहा कि उनकी पार्टी के फैसलों में तमिलनाडु और उसके लोगों का कल्याण सर्वोपरि रहा है। इतिहास हमें एट्टप्पन नहीं, कट्टबोम्मन के रूप में याद करेगा।

वीरपांडिया कट्टबोम्मन एक वीर तमिल राजा थे, जिन्होंने अंग्रेजों का बहादुरी से विरोध किया था। तत्कालीन विदेशी शासकों ने उन्हें पकड़कर फांसी पर लटका दिया था। उन्हें तमिलनाडु में अंग्रेजी शासन का विरोध करने के लिए याद किया जाता है।

इसके विपरीत तमिल लोककथाओं में एट्टप्पन का नाम विश्वासघात का पर्याय है। परिसीमन मुद्दे पर राहुल की बात का जवाब देते हुए स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी तमिलनाडु के हितों और राज्यों के अधिकारों की रक्षा से कभी समझौता नहीं करेगी।

एक्स पर एक पोस्ट में द्रमुक अध्यक्ष ने राहुल को 'भाई' कहकर संबोधित किया और संविधान तथा संघीय अधिकारों की रक्षा में द्रविड़ पार्टी की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए उनका आभार जताया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी का हर फैसला सबसे पहले तमिलनाडु और तमिल लोगों के कल्याण को ध्यान में रखकर लिया जाता है। हम इस राह पर कोई समझौता नहीं करेंगे। मुझे भरोसा है कि इतिहास हमें एट्टप्पन नहीं, कट्टबोम्मन के रूप में याद करेगा।

इससे पहले राहुल गांधी ने एक्स पर कहा था कि वह आईएनडीआई के वरिष्ठ नेताओं के साथ स्टालिन से मिलने चेन्नई जाएंगे और द्रमुक से परिसीमन विधेयक का विरोध करने का अनुरोध करेंगे। सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने से भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। इससे भाजपा-आरएसएस को अपने फायदे के लिए भारत का पूरा चुनावी नक्शा फिर से बनाने का असीमित अवसर मिल जाएगा।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि भाई स्टालिन हमेशा तमिल-विरोधी ताकतों के खिलाफ चट्टान की तरह खड़े रहे हैं। राष्ट्रीय हित, तमिलनाडु के हित और संविधान की रक्षा के लिए हमें इस विधेयक को मिलकर रोकना होगा।

राहुल गांधी ने इसी साल अगस्त में तमिलनाडु के लोगों और राजनीतिक दलों से परिसीमन का कड़ा विरोध करने को कहा था।

एट्टप्पन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा था कि परिसीमन का समर्थन करने वाले सभी लोग 21वीं सदी के एट्टप्पन हैं। अप्रैल में विधानसभा चुनाव के बाद टीवीके को समर्थन देने बाद से कांग्रेस और द्रमुक में लगातार तकरार चल रही है।

द्रमुक ने पहले के परिसीमन प्रस्ताव का पुरजोर विरोध किया था। उस समय मुख्यमंत्री रहे स्टालिन ने अप्रैल में काले कपड़े पहनकर विधेयक की प्रति जला दी थी। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।