Move to Jagran APP

हिमाचल प्रदेश : मुसीबत में किसान, एक लीटर दूध के मिल रहे सिर्फ 14 रुपये

हिमाचल में हजारों किसान हर दिन डेढ़ लाख लीटर से अधिक दूध बेचते हैं, जिसकी कीमत शहर में 45 से 50 रुपये लीटर वसूली जा रही है।

By Manish NegiEdited By: Published: Sat, 07 Jul 2018 09:49 PM (IST)Updated: Sun, 08 Jul 2018 08:03 AM (IST)
हिमाचल प्रदेश : मुसीबत में किसान, एक लीटर दूध के मिल रहे सिर्फ 14 रुपये
हिमाचल प्रदेश : मुसीबत में किसान, एक लीटर दूध के मिल रहे सिर्फ 14 रुपये

यादवेन्द्र शर्मा, शिमला। हमारे देश में मुहावरा है दूध का दूध और पानी का पानी करना। लेकिन, देवभूमि हिमाचल में श्वेत क्रांति के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर आई क्रांति ने इसे उलटा कर दिया। इसी श्वेत क्रांति के नाम पर पानी से भी सस्ता दूध खरीदा जा रहा है। 

loksabha election banner

हिमाचल में हजारों किसान हर दिन डेढ़ लाख लीटर से अधिक दूध बेचते हैं, जिसकी कीमत शहर में 45 से 50 रुपये लीटर वसूली जा रही है। हालांकि उसी दूध को गांव के किसान से मात्र 14 रुपये लीटर खरीदा जा रहा है। जबकि सबसे बढ़िया क्वालिटी का दूध 23 रुपये लीटर खरीदा जा रहा है। वहीं एक लीटर बोतल बंद पानी की कीमत बीस रुपये है। गांव में दूध खरीदने का कार्य विभिन्न समितियों के माध्यम से किया जा रहा है। यह समितियां किसान से 14 रुपये लीटर के हिसाब से दूध खरीद रही हैं। दूरदराज के गांवों में लोगों के पास कोई विकल्प भी नहीं है तो उन्हें उसी दाम पर दूध बेचने पर मजबूर होना पड़ रहा है।

हिमाचल प्रदेश राज्य स्टेट को-ऑपरेटिव मिल्क फेडरेशन द्वारा प्रदेश में हर दिन करीब एक लाख लीटर दूध की खरीद की जाती है। राजधानी शिमला के रामपुर, ननखड़ी, मराणा, नगाण, कुमारसैन, करसोग रोहड़ू, जुब्बल और सराहन क्षेत्रों में किसान से दूध 14 से 23 रुपये प्रति लीटर तक खरीदा जा रहा है। दुग्ध उत्पादकों की शिकायत है कि उन्हें गुणवत्ता के आधार पर दूध के दाम नहीं दिए जा रहे हैं। मिल्क फेडरेशन दुग्ध उत्पादकों से सीधे दूध खरीदने की अपेक्षा ग्रामीण स्तर पर बनाई समितियों के माध्यम से खरीद रहा है। दूध में मौजूद फैट (वसा) और एसएनएफ (सॉलिड नॉट फैट) के आधार पर दूध की कीमत ग्रामीणों के लिए तय की जाती है। दत्तनगर में चल रहे राज्य मिल्क फेडरेशन द्वारा दूध प्लांट क्षेत्र में करीब 190 समितियां हैं जिनके माध्यम से दूध खरीदा जा रहा है।  

दूध की किस्मों के आधार पर वर्गीकरण
दूध की गुणवत्ता के आधार पर उनका वर्गीकरण किया है और दाम भी उसी आधार पर निर्धारित किए गए हैं। इसमें टोंड मिल्क, डबल टोंड, स्टैंडर्ड और फुल क्रीम शामिल हैं। मिल्क फेडरेशन केवल टोंड और स्टैंडर्ड मिल्क ही किसानों से खरीद रहा है। 

दूध खरीद के दाम प्रति लीटर

दूध                 वसा         एसएनएफ   निर्धारित दाम   खरीदा जा रहा   विक्रय दाम 

टोंड                 3.5 फीसद      7.3          20               14-17               43

स्टैंडर्ड             4.5 फीसद     8.5           23.80            17-21               46

फुल क्रीम         6 फीसद        9               -                       -                    -

दूध की खरीद 14 से 23 रुपये प्रति लीटर तक की जा रही है। दूध के लिए लेक्टोमीटर के साथ ऑटोमेटिक मिक्स कलेक्शन यूनिट स्थापित किए गए हैं। इससे वसा और एसएनएफ का पता चल जाता है। उसी आधार पर दूध की कीमत दी जाती है। 

-राजेंद्र सिंह, शमशी महादेव एमसीसीएस कराणा समीति 

दूध के बेहतर दाम मिलें, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। किसानों को जिन स्थानों पर दूध की कीमत कम दी जा रही है वहां पर जांच की जाएगी। बोतल बंद पानी से दूध सस्ता मिलना चिंता का विषय है। दूध उत्पादकों की समस्याएं दूर करने के लिए जल्द कदम उठाएं जाएंगे। 

-वीरेंद्र कंवर, पशुपालन मंत्री, हिमाचल प्रदेश


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.