यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 26, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
स्टार फर्राटा धाविका हिमा दास असम में बनीं डीएसपी, कहा - जारी रहेगा एथलेटिक्स करियर
हिमा को नियुक्ति पत्र असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने सौंपा जो केंद्र में खेल मंत्री भी रह चुके हैं। ...और पढ़ें

गुवाहाटी, प्रेट्र। स्टार फर्राटा धाविका हिमा दास को शुक्रवार को असम पुलिस में उप अधीक्षक (DSP) बनाया गया, जिसने इसे बचपन का सपना सच होने जैसा बताया। हिमा को नियुक्ति पत्र असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने सौंपा, जो केंद्र में खेल मंत्री भी रह चुके हैं। यहां आयोजित एक समारोह में पुलिस महानिदेशक समेत शीर्ष पुलिस अधिकारी और प्रदेश सरकार के अधिकारी उपस्थित थे।
हिमा ने बाद में कहा कि वह बचपन से पुलिस अधिकारी बनने का सपना देखती आई हैं। उन्होंने कहा, 'यहां लोगों को पता है। मैं कुछ अलग नहीं कहने जा रही। स्कूली दिनों से ही मैं पुलिस अधिकारी बनना चाहती थी और यह मेरी मां का भी सपना था। वह दुर्गा पूजा के दौरान मुझे खिलौने में बंदूक दिलाती थीं। मां कहती थीं कि मैं असम पुलिस की सेवा करूं और अच्छी इंसान बनूं।'
.jpg)
नौकरी के साथ खेल का करियर पर भी रहेगा जारी
एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता और जूनियर विश्व चैंपियन हिमा ने कहा कि वह पुलिस की नौकरी के साथ खेलों में अपना करियर भी जारी रखेंगी।
उन्होंने कहा, 'मुझे सब कुछ खेलों की वजह से मिला है। मैं प्रदेश में खेल की बेहतरी के लिए काम करूंगी और असम को हरियाणा की तरह सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला राज्य बनाने की कोशिश करूंगी। असम पुलिस के लिए काम करते हुए अपना करियर भी जारी रखूंगी।'
