विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'लंबे समय तक बनी रहेगी तेज विकास दर', RBI गवर्नर का बड़ा बयान

Published: Fri, 06 Feb 2026 09:30 PM (IST)

आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि भारत विकास के स्वर्णिम मोड़ पर है और लंबे समय तक तेज आर्थिक ...और पढ़ें

लंबे समय तक बनी रहेगी तेज विकास दर RBI गवर्नर का बड़ा बयान (फाइल फोटो)

लंबे समय तक बनी रहेगी तेज विकास दर RBI गवर्नर का बड़ा बयान (फाइल फोटो)

HighLights

  1. भारत विकास के स्वर्णिम मोड़ पर, तेज वृद्धि की उम्मीद।

  2. मजबूत अर्थव्यवस्था, कम मुद्रास्फीति; रेपो दर स्थिर।

  3. जीडीपी अनुमान 7.4% तक संशोधित, वैश्विक चुनौतियों के बावजूद।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने शुक्रवार को मौद्रिक नीति समीक्षा में कहा कि भारत विकास चक्र के स्वर्णिम मोड़ पर है और लंबे समय तक तेज आर्थिक विकास दर हासिल करने की दिशा में अग्रसर है।

बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भी भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत स्थिति में है, जहां मजबूत विकास और कम मुद्रास्फीति दोनों साथ-साथ चल रही हैं। मौद्रिक नीति की समीक्षा बैठक के समापन के बाद अपने संबोधन में गवर्नर मल्होत्रा ने वैश्विक अनिश्चितताओं को लेकर चिंता तो जताई है लेकिन उन्हें भरोसा है कि इससे भारत की विकास यात्रा पर कोई विपरीत असर नहीं होगा।

RBI ने क्या कहा?

उन्होंने यूरोपीय संघ के साथ किये गये व्यापार समझौते और जल्द ही अमेरिका के साथ ही इस तरह का समझौता होने का उदाहरण देते हुए कहा कि इससे भी विकास दर की रफ्तार बनाये रखने में मदद मिलेगी। गवर्नर मल्होत्रा ने अपने बयान में कहा, “बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भी भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति मजबूत बनी हुई है।

आर्थिक वृद्धि तेज है और महंगाई नियंत्रण में है। महंगाई दर सहनशील सीमा से नीचे है और आगे भी इसके ज्यादा बढ़ने की आशंका नहीं दिखती। ताजा आर्थिक संकेतक बताते हैं कि 2025-26 की तीसरी तिमाही और उसके बाद भी विकास की रफ्तार बनी रहेगी। यूरोपीय संघ के साथ ऐतिहासिक व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर और अमेरिका के साथ संभावित ट्रेड डील से आने वाले समय में इस तेज विकास को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।''

बाद में आरबीआइ गवर्नर से पूछा गया कि क्या भारत विकास दर की रफ्तार तेज बनाये रखने वाले सबसे उपयुक्त माहौल (गोल्डीलाक्स-जहां महंगाई दर ज्यादा ना हो और विकास दर की गति तेज हो) में है तो उनका जवाब था कि, “खाद्य मूल्यों में उतार-चढ़ाव तो है, लेकिन कोर इन्फ्लेशन व दूसरे क्षेत्र की महंगाई दर 'कीमती मेटल्स' को छोड़कर बहुत ही कम और स्थिर है।

इसलिए महंगाई के मोर्चे पर हमारी स्थिति लगभग वैसी ही है, ज्यादा बदलाव नहीं आया है। ग्रोथ पहले से बेहतर लग रही है। कुल मिलाकर, हम पिछली बैठक की तुलना में अब बेहतर स्थिति में हैं।''आरबीआई ने मौजूदा वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जीडीपी विकास अनुमान को संशोधित कर 7.4 प्रतिशत कर दिया है, जो पहले 7.3 प्रतिशत था।

रेपो रेट है स्थिर

अगले वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले दो छमाहियों में विकास दर के क्रमश: 6.9 फीसद और सात फीसद रहने का अनुमान लगाया गया है। हालांकि, पूरे वित्त वर्ष के लिए विकास अनुमान नहीं दिया गया, क्योंकि सरकार की तरफ से संशोधित जीडीपी बेस सीरीज की घोषणा होनी है।

महंगाई के मोर्चे पर भी सकारात्मक तस्वीर है। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआइ) आधारित मुद्रास्फीति वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए 2.1 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो पहले के 2 प्रतिशत से मामूली अधिक है लेकिन यह आरबीआई के 4 प्रतिशत लक्ष्य से काफी नीचे है। सालाना महंगाई का यह आंकड़ा पिछले कई वर्षों का न्यूनतम स्तर है।

चालू वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में मुद्रास्फीति 3.2 प्रतिशत, अगले वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल से जून, 2026) में चार फीसद और दूसरी तिमाही (जुलाई से सितंबर) में 4.2 फीसद रहने का अनुमान है। महंगाई की दर में इस मामूली वृद्धि के लिए मुख्य रूप से कीमती धातुओं की कीमतों में बढ़ोतरी को कारण बताया गया है। यही वजह है कि आरबीआई ने रेपो रेट को 5.25 फीसद पर स्थिर रखा है।

छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ में मुठभेड़, मारे गए 3 माओवादी; एक जवान बलिदान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।