पायलट ने दिखाई सूझबूझ, दुर्घटनाग्रस्त होते-होते बचा फड़णवीस का हेलिकॉप्टर
देवेंद्र फड़णवीस के हेलिकॉप्टर की मुंबई के निकट भयंदर में एक स्कूल के मैदान में लैंडिंग होनी थी। तभी वह दुर्घटनाग्रस्त होते-होते बचा।
मुंबई, एजेंसी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस एक बार फिर आसमान में हादसे का शिकार होते-होते बचे। हेलिकॉप्टर के पायलट की सूझबूझ के चलते कोई दुर्घटना नहीं हुई। हेलिकॉप्टर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी सवार थे। देवेंद्र फड़णवीस पहले भी इस तरह की मुश्किल में फंस चुके हैं।
पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
पुलिस ने बताया, गुरुवार को देवेंद्र फड़णवीस के हेलिकॉप्टर की मुंबई के निकट भयंदर में एक स्कूल के मैदान में लैंडिंग होनी थी। पायलट जैसे ही लैंडिंग के लिए हेलिकॉप्टर को आसमान से नीचे लेकर आ रहा था, उसने देखा कि मैदान के आसपास केबल के तारों का जाल फैला हुआ है। इस पर वह तत्परता दिखाते हुए हेलिकॉप्टर को वापस आसमान में ले गया।
पहले भी मुश्किल में फंस चुके हैं फड़णवीस
पिछले महीने फड़णवीस के हेलिकॉप्टर की नासिक में आपात लैंडिंग करानी पड़ी थी। वह नासिक से औरंगाबाद जा रहे थे। हेलिकॉप्टर ने उ़़डान भरी ही थी कि पायलट ने उसे कुछ ही मीटर बाद वापस लैंड करा दिया। दरअसल, हेलिकॉप्टर में जरूरत से अधिक लोग सवार थे। बाद में कुछ लोगों को उतारने के बाद हेलिकॉप्टर ने उड़ान भरी थी।
पिछले साल सात जुलाई को भी देवेंद्र फड़णवीस हादसे का शिकार होते-होते बचे थे। तब वह हेलिकॉप्टर के दरवाजे पर पहुंचे ही थे कि हेलिकॉप्टर ने उड़ान भरनी शुरू कर दी। वह किनारे की तरफ झुक गए। हेलिकॉप्टर दो-तीन फीट की ऊंचाई तक चला गया था। उसके पंखे उनके सिर के करीब आ गए थे। एक सतर्क सुरक्षाकर्मी तेजी से दौड़ा। उसने किसी तरह उन्हें चोटिल होने से बचा लिया। मई 2017 में भी लातूर में उनका हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे।
यह भी पढ़ें: ISRO आज लांच करेगा देश का 100वां सेटेलाइट, उल्टी गिनती शुरू