नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में भीषण तूफान ने मचाया कहर, तीन महिलाओं की मौत एवं कई मकान हुए क्षतिग्रस्त
नॉर्थ ईस्ट के कई राज्यों में तूफान ने कहर बरपाया है। मिजोरम और मणिपुर में तूफान से तीन से जान माल का काफी नुकसान हुआ है।
आइजॉल, एएनआइ। भारत के कई राज्यों में मौसम में बदलाव देखा गया है। पिछले एक दो दिन में मैदानी राज्यों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, सोमवार को उत्तर पूर्व भारत के राज्यों में भीषण तूफान ने कहर बरपाया है। मिजोरम में कोलासिब के वैंरेंग्टे गांव में तूफान से 20 मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मणिपुर में भी तूफान का असर देखने को मिला है।
मणिपुर के काकचिंग और चूराचंदपुर में तूफान आने से तीन महिलाओं की मौत हो गई। तूफान आने के बाद शहर के कई हिस्सों में मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही मौसम विभाग द्वारा अरब सागर और गुजरात तट के लिए चेतावनी जारी की गई थी। अरब सागर में उठने वाले तूफान के चलते देश के कई राज्यों में भी तूफान के आसार बने हुए थे। मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी थी। मौसम विभाग के चेतावनी का असर पूर्वोत्तर राज्यों में देखने को मिला है। पूर्वोत्तर के मिजोरम और मणिपुर में भीषण तूफान ने कहर बरपाया है।