Weather News: हिमाचल में भारी बारिश की चेतावनी, दिल्ली-एनसीआर में छाए रहेंगे बादल; जानिए- अन्य राज्यों के मौसम का हाल
दिल्ली में भी मानसून ने मंगलवार को दस्तक दे दी। देश की राजधानी में आज भी बादल छाए रहेंगे और बारिश हो सकती है। बारिश का ये दौर कुछ दिनों तक चलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार एक-दो दिन बाद मौसम फिर करवट बदल सकता है।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली में भी आखिरकार मानसून ने दस्तक दे दी है और दिल्ली-एनसीआर के लोगों को चिलचिलाती धूप से कुछ राहत मिली है। आज भी राजधानी में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग की मानें तो दो दिन बाद बारिश का दौर और जोर पकड़ेगा। हिमाचल प्रदेश में बुधवार को भी भारी बारिश होने की चेतावनी है। पंजाब में मानसून सक्रिय हो गया है। अगले दो दिन भी छाए रहेंगे बादल। जम्मू कश्मीर में बुधवार को गरज के साथ हल्की बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार एक-दो दिन बाद मौसम फिर करवट बदल सकता है।
दिल्ली में आज भी बारिश के आसार
दिल्ली में भी मानसून ने मंगलवार को दस्तक दे दी। देश की राजधानी में आज भी बादल छाए रहेंगे और बारिश हो सकती है। बारिश का ये दौर कुछ दिनों तक चलने के आसार हैं। skymetweather.com की खबर के मुताबिक, दिल्ली में मानसून पिछले काफी समय से कोई राहत के बिना लुका-छिपी का खेल खेल रहा था। 1 जून से 12 जुलाई के बीच दिल्ली में 67 फीसदी बारिश की कमी रही। वर्ष 2002 के बाद दिल्ली में यह दूसरा सबसे विलंबित मानसून है। इसके अलावा, वर्ष 2002 में मानसून 19 जुलाई को दिल्ली में आया था। मंगलवार को पूर्वोत्तर भारत, तेलंगाना, दक्षिण मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, गुजरात के शेष हिस्सों, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, पंजाब के शेष हिस्सों, हरियाणा, दिल्ली और एनसीआर के साथ-साथ राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
हिमाचल के कई जिलों में अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को भी भारी बारिश होने की चेतावनी। मौसम विभाग की ओर से कांगड़ा समेत सात जिलों के लिए हाई अलर्ट जारी किया गया है। पिछले दो दिन से कांगड़ा जिले में भारी बारिश से व्यापक नुकसान। बोह घाटी के रुलेहड़ में मलबे में दबे पांच लोगों को निकालने के लिए जारी रहेगा आपरेशन। अब तक पांच लोगों की यहां पर मौत हुई है। मौसम विभाग ने लोगों को सर्तक रहने की सलाह दी है।
पंजाब में अगले दो दिन छाए रहेंगे बादल
पंजाब में मानसून सक्रिय हो गया है। अगले दो दिन भी बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार, 14 और 15 जुलाई को कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। हालांकि, मानसून पंजाब से भी पिछले कुछ दिनों से लुका-छिपी खेल रहा है। ऐसे में किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं हो सकती है बूंदाबांदी
जम्मू-कश्मीर में बुधवार को गरज के साथ हल्की बारिश के आसार। वीरवार से मौसम फिर शुष्क रहने की संभावना। उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं हो सकती है बूंदाबांदी। मौसम विभाग के अनुसार एक-दो दिन बाद फिर करवट बदल सकता है मौसम।
कई राज्यों में मंगलवार को हुई बारिश
राजस्थान, मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों, उत्तरी छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में हल्की बारिश संभव है। पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, आंतरिक ओडिशा, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और लक्षद्वीप के 1-2 हिस्सों में हल्की बारिश हुई।