Move to Jagran APP

तपती धूप से लोग बेहाल, लू ने ली 14 जानें

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश व पंजाब मे बढ़ती गर्मी के कारण कुल 14 लोगो की मौत हो चुकी है। यह भी बताया जा रहा रहा है कि गांव देहात मे भी गर्मी से मौत का सिलसिला जारी है, जिसकी जानकारी नही मिल पा रही है। शुक्रवार को उत्तर भारत समेत कई राज्यो मे पारा 44 के पार रिकार्ड स्तर पर चला गया था।

By Edited By: Published: Sat, 16 Jun 2012 11:49 AM (IST)Updated: Sat, 16 Jun 2012 12:07 PM (IST)

नई दिल्ली। उत्तर और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में शनिवार को भी तपती धूप और गर्म हवाओं से लोग बेहाल हैं। उत्तर प्रदेश और पंजाब में लू लगने से 14 लोगों के मारे जाने की सूचना है। वहीं, मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक झुलसा देने वाली गर्म हवाएं चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

loksabha election banner

उधर, उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि राज्य में लू के थपेड़ों का दौर अभी जारी रहेगा और अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में इजाफा हो सकता है। अगले 48 घंटे के दौरान मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा। शनिवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक था जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। वाराणसी का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद 46.8 और कानपुर का 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में कुल 11 लोगों की मौत की सूचना है। यह भी बताया जा रहा रहा है कि गांव देहात में भी गर्मी से मौत का सिलसिला जारी है, जिसकी जानकारी नहीं मिल पा रही है।

इधर, बिहार में भी उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल है। लोगों को अब बारिश का इंतजार है लेकिन मौसम विभाग के अनुसार इसके लिए अभी इंतजार करना होगा। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शनिवार सुबह पटना का न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गया का 32.7 डिग्री, भागलपुर का 28 डिग्री और पूर्णिया का 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शुक्रवार को राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि गुरुवार को यहां 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान था। पटना में अधिकतम आ‌र्द्रता 53 प्रतिशत के करीब है, जिस कारण लोग उमस से परेशान है।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एके सेन के मुताबिक आने वाले 24 घंटे के दौरान बिहार में बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि बिहार के कुछ हिस्सों में मानसून पूर्व की बारिश आ भी गई तो भी लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को उत्तर भारत समेत कई राज्यों में पारा 44 के पार रिकार्ड स्तर पर चला गया था। जिसकी वजह से लोगों का बुरा हाल हुआ। राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में दिन भर गर्म हवाएं चलीं और लोग शरीर झुलसा देने वाली धूप से बचते नजर आए। पड़ोसी राज्य हरियाणा का हाल भी बुरा रहा। पानीपत में पारा 48 डिग्री तक पहुंचा। पंजाब में भी ऐसी ही स्थित रही। राज्य में गर्मी से तीन लोगों के मौत की सूचना है। बिहार में भी लू की चपेट में आने से मुंगेर में तैनात एक सिपाही की मौत हो गई। राजस्थान में भी गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पर्वतीय राज्यों में भी गर्मी अपना असर दिखा रही है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कई हिस्सों प्रचंड गर्मी का दौरा जारी है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.