लोगों के तनाव दूर करने के लिए स्वास्थ मंत्रालय ने जारी किया 'नो मोर टेंशन' एप
नड्डा ने कहा, अब इलाज के साथ ही बचाव पर जोर देने का उपयुक्त समय आ गया है। लोगों के व्यक्तिगत जीवन में तनाव प्रबंधन बहुत अहम हो गया है।
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। देशवासियों का तनाव दूर करने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने मोबाइल एप जारी किया है। 'नो मोर टेंशन' एप को जारी करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि गैर संक्रामक रोगों को दूर रखने के लिए जागरुकता बहुत जरूरी है। उन्होंने मंत्रालय की त्रैमासिक पत्रिका 'स्वस्थ भारत- एक पहल' भी जारी की।
नड्डा ने कहा, अब इलाज के साथ ही बचाव पर जोर देने का उपयुक्त समय आ गया है। लोगों के व्यक्तिगत जीवन में तनाव प्रबंधन बहुत अहम हो गया है। तनाव का शिकार किसी भी उम्र, वर्ग और लिंग का व्यक्ति हो सकता है। मोबाइल एप लोगों को न सिर्फ तनाव के लक्षण बताएगा, बल्कि उससे बचने और उसे दूर करने के तरीके भी बताएगा। इसके जरिए लोग आसानी से अपने तनाव के स्तर को जान सकेंगे।
उन्होंने स्वास्थ्य मंत्रालय की 'स्वस्थ भारत-एक पहल' पत्रिका भी जारी की। यह पत्रिका सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में मुफ्त उपलब्ध होगी। इसका ऑनलाइन संस्करण भी उपलब्ध होगा। इस बार इसे हिंदी और अंग्रेजी में लाया गया है। अगले अंक से यह 13 अन्य भारतीय भाषाओं में भी उपलब्ध होगी।
पढ़ें- दिल्ली को राहत, डेंगू और चिकनगुनिया के मामलों में आई कमी