राज ठाकरे के खिलाफ उतरे फेरीवाले, जमकर की मनसे कार्यकर्ताओं की पिटाई
मुंबई में राज ठाकरे के खिलाफ फेरीवालों ने उन्हीं की भाषा में जवाब दिया है।
मुंबई (पीटीआई)। मुंबई में फेरीवालों ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। फेरीवालों ने शनिवार को मुंबई के मलाड में मनसे कार्यकर्ताओं की जमकर पिटाई की। घायल कार्यकर्ताओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक की हालत गंभीर है।
दरअसल, एलफिंस्टन रोड रेलवे स्टेशन पुल पर हुए हादसे के बाद से ही मनसे ने रेलवे स्टेशन परिसरों पर कब्जा करने वाले फेरीवालों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया है। उसके कार्यकर्ता 15 अक्टूबर से अवैध फेरीवालों रेलवे परिसरों से हटा रहे हैं। इसी तरह का अभियान मनसे ने शनिवार को मलाड में चलाया।
मनसे के सुशांत मालावाडे और अन्य कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशन के आसपास के इलाके से फेरीवालों को हटाना शुरू किया। इसके विरोध में फेरीवाले इकट्ठा हो गए और उन्होंने मनसे कार्यकर्ताओं पर हमला बोल दिया। हमले में मालावाडे को गंभीर चोटें आईं हैं। उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस बीच, मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष संजय निरुपम ने कहा कि वह फेरीवालों के खिलाफ मनसे नेताओं के इस तरह के अत्याचार को बर्दाश्त नहीं करेंगे। फेरीवाले मनसे के किसी भी आघात का बदला लेने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं।
यह भी पढ़ें: स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट लागू नहीं होने से चमकती है मनसे की राजनीति
यह भी पढ़ें: ठाणे में फेरीवालों पर मनसे कार्यकर्ताओं का कहर, रेलवे स्टेशन से भगाया, तोड़फोड़