'हिम्मत दिखाइए, ट्रंप के सामने घुटने मत टेकिये', UPI पेमेंट पर चार्ज को लेकर राहुल ने PM मोदी को घेरा
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने UPI ट्रांजैक्शन के नए MDR फ्रेमवर्क को लेकर पीएम मोदी पर निशाना साधा है।
HighLights
राहुल गांधी ने UPI के नए MDR फ्रेमवर्क पर पीएम मोदी को घेरा
सरकार पर अमेरिकी दबाव में झुकने, UPI टैक्स लगाने का आरोप
पीएम मोदी से हिम्मत दिखाने, UPI टैक्स वापस लेने की मांग
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को UPI ट्रांजैक्शन के लिए केंद्र के नए मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) फ्रेमवर्क को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है।
उन्होंने सरकार पर अमेरिका के दबाव में झुकने का आरोप लगाया और पीएम मोदी से 'हिम्मत दिखाने' को कहा।सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में, राहुल ने नए UPI चार्ज को लेकर PM मोदी की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से की।
गांधी ने कहा, 'एक बार इंदिरा जी से पूछा गया था कि क्या उनका झुकाव लेफ्ट की ओर है या राईट की ओर। इसपर उनका जवाब था, 'मैं न तो लेफ्ट ओर झुकती हूं और न ही राईट ओर। मैं सीधी खड़ी रहती हूं'।'
ट्रंप के आगे लेट जाने का फैसला: राहुल
इसके बाद उन्होंने UPI फ्रेमवर्क का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने एक अलग तरीका अपनाया है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने आगे कहा, 'मोदी जी का नजरिया बिल्कुल अलग है, वह न तो लेफ्ट की ओर हैं और न ही राईट की ओर, बल्कि उन्होंने डोनल्ड ट्रंप के सामने पूरी तरह से लेट जाने का फैसला किया है।
उन्होंने UPI पर टैक्स लगाकर हर भारतीयों पर टैक्स का बोझ डाला है और अमेरिका को भारी रकम दी है।' उन्होंने आगे कहा, 'मोदी जी, कृपया अमेरिका के सामने लेटना बंद करें। हिम्मत दिखाएं, खड़े हों और UPI टैक्स वापस लें। धन्यवाद।'
दबाव में लिया गया फैसला: कांग्रेस
इससे पहले, कांग्रेस ने नए MDR को 'मोदी टैक्स' बताया था और आरोप लगाया था कि यह फैसला अमेरिका के दबाव में लिया गया था। पार्टी ने इस पॉलिसी को लागू करने के सरकार के तरीके की भी आलोचना की है। पार्टी के कम्युनिकेशन इंचार्ज और महासचिव जयराम रमेश ने इसे 'FAST (पहले घोषणा, बाद में सोच-विचार) कदम' वाला एक और उदाहरण बताया है।
