विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एपस्टीन संग हरदीप पुरी की तस्वीरें वायरल, कांग्रेस और शिवसेना ने उठाए सवाल

Published: Wed, 21 Oct 2026 04:37 PM (IST)

विपक्षी नेताओं ने पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी की यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन के साथ मुलाकात की तस्वीरें साझा कर जवाब मांगा।

हरदीप सिंह पुरी और एपस्टीन की मुलाकात की तस्वीरे साझा कर विपक्ष ने जवाब मांगा

हरदीप सिंह पुरी और एपस्टीन की मुलाकात की तस्वीरे साझा कर विपक्ष ने जवाब मांगा

HighLights

  1. विपक्ष ने पुरी-एपस्टीन मुलाकात की तस्वीरें साझा कर जवाब मांगा।

  2. पुरी के 'प्रतिनिधिमंडल' वाले बयान पर विपक्षी नेताओं ने सवाल उठाए।

  3. कांग्रेस, टीएमसी, एनसीपी, शिवसेना (यूबीटी) ने स्पष्टीकरण की मांग की।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विपक्ष के नेताओं ने कांग्रेस, टीएमसी और एनसीपी सहित कई विपक्षी नेताओं ने पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी की यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन के साथ मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं और इस निजी मुलाकात पर जवाब मांगा।

विपक्षी नेताओं ने पुरी पर साधा निशाना

विपक्षी नेताओं ने पुरी के उस बयान पर निशाना साधा, जिसमें उन्होंने कहा था कि वे एपस्टीन से एक प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के रूप में मिले थे। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने उनके इस दावे पर सवाल उठाया कि वे एपस्टीन से कभी भी आमने सामने नहीं मिले थे।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, 'क्या हरदीप पुरी ने यह नहीं कहा था कि वे एपस्टीन से कभी अकेले नहीं मिले? मोदी जी को किस तरह के लोग पसंद हैं और वे अपने आस-पास कैसे लोगों को रखते हैं? क्या आपको और सबूत चाहिए कि आरएसएस और दक्षिणपंथी विचारधारा वाले लोग कभी भी महिलाओं का सम्मान क्यों नहीं कर सकते और उन्हें बराबरी का दर्जा क्यों नहीं दे सकते?'

टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने इस साल की शुरुआत का मंत्री का एक वीडियो बयान साझा करते हुए कहा, 'एपस्टीन पाजी ने हमें बताया था कि वे एपस्टीन से केवल एक प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के रूप में 3-4 बार मिले थे। पाजी, क्या बाकी प्रतिनिधि इन 2 तस्वीरों में मेज के नीचे छिपे हुए थे?'

 एनसीपी प्रवक्ता अनीश गवांडे ने सोशल साइट X पर पोस्ट करते हुए कहा, 'ये तस्वीरें बहुत गंभीर हैं। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को जवाब देना चाहिए कि वे जेफरी एपस्टीन से क्यों मिल रहे थे, भले ही वे राजदूत की हैसियत से ही क्यों न मिले हो।'

शिवसेना (यूबीटी) सांसद ने तस्वीर साझा करते हुए सवाल किया कि 'वे इस मुलाकात में किसका संदेश लेकर गए थे?' उन्होंने कहा, 'मोदी जी, एक मंत्री हरदीप पुरी जेफरी एपस्टीन से अकेले क्यों मिल रहे हैं? वे इस मुलाकात में किसका संदेश लेकर गए थे? यह तो बस शुरुआत है, आगे देखिए क्या-क्या होता है! आरएसएस का शासन बदलेगा! जय हिंद!'

हरदीप सिंह पुरी के किस बयान पर विवाद

पुरी ने फरवरी में कहा था कि उन्होंने जेफरी एपस्टीन से पेशेवर तौर पर तीन या ज्यादा से ज्यादा चार बार मुलाकात की थी। यह मुलाकात इंटरनेशनल पीस इंस्टीट्यूट के एक प्रोजेक्ट, 'इंडिपेंडेंट कमीशन ऑन मल्टीलेटरलिज़्म' से जुड़े एक प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के रूप में हुई थी।

पुरी ने बताया कि ये मुलाकातें संयुक्त राष्ट्र में भारत के राजदूत के पद से इस्तीफा देने के बाद और 2017 में केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने से पहले हुई थीं। उन्होंने कहा कि एपस्टीन के साथ उनकी बातचीत पूरी तरह से पेशेवर थी और इसका उस बदनाम फाइनेंसर पर लगे आपराधिक आरोपों से कोई लेना-देना नहीं था।

पुरी ने कहा था, 'IPI में मेरे बॉस, टेर्जे रोड-लार्सन, उस बदनाम व्यक्ति मिस्टर एपस्टीन को जानते थे। IPI या ICM के प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के तौर पर ही मैं मिस्टर एपस्टीन से कुछ मौकों पर मिला था।'

यह भी पढ़ें- जेफ्री एपस्टीन की मौत के बाद भी नहीं थमा विवाद, 'सीक्रेट फाइल्स' को लेकर भड़के पीड़ित; संपत्ति पर केस दर्ज