गुवाहाटी में होटल के लीज विवाद में खूनी खेल, मालिक समेत 5 लोगों की गोली मारकर हत्या; 1 घंटे में पकड़ा गया आरोपी
गुवाहाटी के 'बिलास इन' होटल में लीज विवाद को लेकर हुई गोलीबारी में पांच लोगों की हत्या हुई है।

गुवाहाटी में होटल मालिक समेत पांच लोगों की हत्या (फोटो-पीटीआई)
HighLights
गुवाहाटी में होटल लीज विवाद पर पांच की हत्या।
होटल मालिक समेत परिवार के चार सदस्य मारे गए।
आरोपी घनकांत गोगोई एक घंटे में गिरफ्तार।
डिजिटल डेस्क, गुवाहाटी। असम के गुवाहाटी शहर में सोमवार रात एक ऐसा हत्याकांड हुआ, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। 'बिलास इन' होटल के लीज को लेकर एक बहस शुरू हुई थी, जो कि आखिर में गोलीबारी की घटना में बदल गई।
गुवाहाटी में हुए इस हत्याकांड में होटल मालिक समेत परिवार के चार लोगों की हत्या हुई है। वहीं इस घटना में होटल के केयरटेकर की भी जान चली गई।
होटल को लेकर कैसा विवाद?
गुवाहाटी पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत ने बताया कि आरोपी घनकांत गोगोई ने एक साल पहले होटल लीज पर लिया था। जांच में सामने आया है कि घनकांत गोगोई की होटल के मालिक और उसके परिवार से इस लीज को लेकर विवाद छिड़ गया।
आरोपी घनकांत गोगोई ने रात करीब 9 बजे GS रोड पर, बोरा सर्विस के सामने स्थित 'होटल बिलास इन' में फायरिंग की। यह होटल असम पुलिस मुख्यालय से लगभग 2 किमी दूर है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी घनकांत गोगोई, जिसने होटल लीज पर लिया था, गोलीबारी के एक घंटे के भीतर ही पलटन बाजार इलाके से पकड़ लिया। उसके पास से एक लाइसेंसी .32 बोर की पिस्तौल जब्त की गई। पुलिस का अनुमान है कि इसी पिस्तौल से इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
होटल मालिक के परिवार वालों की हत्या
गुवाहाटी पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत ने बताया कि मृतकों में से चार लोग एक ही परिवार के थे, जबकि पांचवां व्यक्ति उनके गांव का रहने वाला था।
मृतकों में होटल की सह-मालकिन, उनका बेटा और बहू, उनके भाई और प्रॉपर्टी की देखभाल करने वाला व्यक्ति (केयरटेकर) शामिल हैं।
मृतकों में से तीन की पहचान हेलेना भराली, देबोर्शी कश्यप और नारायण दास के रूप में हुई है, जबकि बाकी पीड़ितों की पहचान की जा रही है।
इस घटना में बचे एकमात्र व्यक्ति, 42 वर्षीय सत्येन पाठक के कंधे में गोली लगी है और उनका इलाज गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में चल रहा है। एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है।
-1793080770649.webp)
जांच में जुटी पुलिस
होटल के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए पुलिस कमिश्नर ने कहा, 'शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह घटना होटल के लीज एग्रीमेंट से जुड़े प्रॉपर्टी विवाद के कारण हुई।'
पुलिस कमिश्नर ने आगे कहा, 'जांचकर्ता घटना के हर पहलू की पड़ताल कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि असल में क्या-क्या हुआ था।'
मामले की फोरेंसिक और वैज्ञानिक जांच चल रही है, जिसमें विशेष टीमें घटनास्थल की जांच कर रही हैं और सबूत जुटा रही हैं। पुलिस ने कहा कि आगे की जांच से उन सटीक परिस्थितियों का पता चलेगा, जिनके कारण गोलीबारी की यह घटना हुई।
-1793080748441.webp)
