बारिश से गुजरात में अब तक 32 तो चीन में 56 लोगों की मौत
गांधीनगर में मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने मंगलवार को उच्च अधिकारियों के साथ बारिश की स्थिति जानने के लिए समीक्षा बैठक की है।
अहमदाबाद/बीजिंग [ब्यूरो/एजेंसी]। गुजरात में भारी बारिश के चलते 32 लोगों की मौत हो चुकी है। अभी तक सर्वाधिक 25 फीसदी बारिश होने से 203 जलाशयों में 32 फीसदी पानी की आवक हुई है। गांधीनगर में मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने मंगलवार को उच्च अधिकारियों के साथ बारिश की स्थिति जानने के लिए समीक्षा बैठक की है। इसमें यह आंकड़े जारी किए गए है। उधर, चीन के 11 प्रांतों को भीषण बारिश का सामना करना पड़ रहा है। इससे अब तक 56 लोगों की मौत हो चुकी है और 22 अन्य लोग अभी भी लापता हैं।
रूपानी ने कहा कि 32 लोगों के साथ 300 से अधिक पशु भी मारे गए है। राज्य के 203 जलाशयों में 31.62 फीसदी पानी की आवक हुई है। चार जलाशय हाई अलर्ट और चार डेम अलर्ट पर है। सरदार सरोवर नर्मदा बांध का जलस्तर भी बढ़कर 115 मीटर तक पहुंच गया है।
एक उच्च अधिकारी ने कहा कि पाटण जिले में 406 परिवारों के 3900 परिवारों को सुरक्षित स्थल पर स्थानांतरित किया गया था। बारिश के कारण बनासकांठा, सिद्घपुर, उमरगाम, वांकानेर में बाढ़ की स्थिति की पैदा हुई थी। पिछले 24 घंटे में 26 जिलों की 141 तहसीलों में बारिश हुई है।
हजारों लोगों को छोडना पड़ा घर
चीन में बाढ़ से हजारों लोगों ने मजबूरन अपने घर छोड़ दिए हैं। नागरिक मामलों के मंत्रालय ने बताया कि 29 जून से अब तक जेझियांग, अनहुई, जियांग्शी, हुनान, सिचुआन जैसे 11 प्रमुख प्रांतों में तेज बारिश, बाढ़ व भूस्खलन से 27 हजार घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जबकि 37 हजार अन्य इमारतों को नुकसान पहुंचा है।
मंत्रालय ने सीधे तौर पर 3.72 अरब डॉलर के आर्थिक नुकसान की आशंका जताई। स्थानीय मीडिया ने बताया कि सरकार ने 20 प्रांतों में आपदा मदद के तौर पर 27 करोड़ डॉलर की राशि आवंटित की थी। भारी बारिश के चलते दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में एक घंटे से ज्यादा समय तक हवाई अड्डा बंद रहा। आपदा प्रबंधन संबंधित मंत्रालय ने सबसे ज्यादा प्रभावित हुए जेझियांग, जियांग्शी, हुनान और गुईजोऊ प्रांत में अपनी टीमें भेजी है। अकेले हुनान में तीन हजार सशस्त्र पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है। यहां शियांगजियांग नदी का जलस्तर बढ़ने से चिंता की स्थिति बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: असम व अरुणाचल प्रदेश से आंशिक तौर पर हट सकता है अफस्पा
यह भी पढ़ें: तमंचे वाली प्रेमिका का प्रेमी रिहा, शिवसेना कराएगी शादी