गुजरात: गिर के जंगल में मिले दो शावकों के शव
गुजरात के अमरेली जिले गिर के जंगल में रविवार को दो शावकों के शव मिले हैं।
अहमदाबाद, प्रेट्र। गुजरात के अमरेली जिले गिर के जंगल में रविवार को दो शावकों के शव मिले हैं। मुख्य वन संरक्षक (जूनागढ़ वन्यजीव सर्कल) ने बताया कि ये शव गिर वन के पनीया और स्वरकुंडला रेंज में पाए गए। उन्होंने बताया कि वन कर्मियों ने पनीया रेंज में मौके के आसपास एक शेर को देखा है और संभवत: उसी ने हमला किया होगा। गौरतलब है कि गिर क्षेत्र में सितंबर में 23 शेरों की मौत हो गई थी।
चंदनपुर में हो गई थी तीन शावकों की मौत
महाराष्ट्र के चंदनपुर जिले में ट्रेन की चपेट में आने से तीन बाघ शावकों की मौत हो गई। तीनों के शव रेलवे ट्रैक पर पाए गए। माना जा रहा है कि मारे गए दो शावक आदमखोर बाघिन अवनि (टी-1) के थे, जिसे इसी माह मार गिराया गया था।
महाराष्ट्र वन विकास निगम के महाप्रबंधक ऋषिकेश रंजन ने बताया, 'छह माह से कम उम्र के तीनों शावक सुबह करीब साढ़े सात बजे बलहरशाह-गोंडिया ट्रेन की चपेट में आ गए। दुर्घटना चंद्रपुर और नागभीड स्टेशनों के बीच जूनोना गांव के पास हुई।' मुख्य वन संरक्षक एसवी रामाराव ने कहा कि दो शावकों के शव ट्रैक पर सुबह पाए गए, जबकि तीसरे का शव आधा किलोमीटर दूर शाम को मिला। घटनास्थल के पास एक बाघिन के पदचिह्न पाए गए, जो संभवत: शावक की मां होगी।
एक अधिकारी का मानना है कि मारे गए शावकों में से दो अवनि के थे। दोनों शावक एक साथ चल रहे थे। तीन नवंबर को आदमखोर अवनि के मारे जाने के बाद उसके दोनों शावकों को क्षेत्र में पहली बार देखा गया था। अवनि के मारे जाने के बाद केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस से वनमंत्री सुधीर मुनगंटीवार को हटाने की मांग की थी।