दुल्हन ने 'दहेज की मांग' करने वाले लालची पति को पहुंचाया जेल
दहेज रूपी दानव अब भी हमारे देश के कई हिस्सों में लोगों की परेशानी का सबब बना हुआ है। ज्यादातर परिवार इसके सामने अपने घुटने टेक देते हैं, लेकिन कई लड़कियां हिम्मत दिखाती हैं।
कोरिया, एएनआइ। छत्तीसगढ़ के कोरिया में एक दुल्हे को दहेज की मांग करना भारी पड़ा। दुल्हन ने दहेज की मांग कर रहे दुल्हे के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कर दिया। पुलिस ने दुल्हे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
हमारे समाज में आज भी कई कुरीतियां हैं, जिनमें दहेजप्रथा भी एक है। हालांकि दहेज लेना अपराध की श्रेणी में आता है, लेकिन इसके बावजूद ये प्रथा खत्म नहीं हुई है। दहेज की मांग का ताजा मामला छत्तीसगढ़ का है, जहां शादी होने के बाद दुल्हे ने रेफ्रिजरेटर और सोने की चेन की मांग कर दी। लेकिन दुल्हन पक्ष ने बड़ी विनम्रता से इस मांग को ठुकरा दिया।
लेकिन दुल्हा इस बात पर अड़ गया कि उसे रेफ्रिजेरेटर और सोने की चेन चाहिए। दुल्हन पक्ष के सभी लोगों ने उन्हें बहुत समझाया। दुल्हे के कुछ रिश्तेदारों ने भी उसे समझाया कि दहेज लेना अपराध है। शादी के बाद ऐसी मांग करना ठीक नहीं है, पर दुल्हा नहीं माना। दुल्हा अपनी मांग पर अड़ा रहा। स्थिति तब और खराब हो गई, जब दुल्हा और उसके रिश्तेदार बिना दुल्हन को साथ लिए अपने घर वापस जाने लगे।
ये पूरा ड्रामा दुल्हन की आंखों के सामने ही चल रहा था। आखिरकार दुल्हन के सब्र का बांध टूट गया और उसने पुलिस को बुलाकर दुल्हे के खिलाफ दहेज का मामला दर्ज करा दिया। पुलिस स्टेशन प्रभारी आनंद सोनी ने बताया कि दुल्हे के खिलाफ आइपीसी की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही कहा कि दहेज की मांग करने वाले लालची दुल्हे के खिलाफ सख्त से सख्त एक्शन लिया जाएगा।
दहेज रूपी दानव अब भी हमारे देश के कई हिस्सों में लोगों की परेशानी का सबब बना हुआ है। ज्यादातर परिवार इसके सामने अपने घुटने टेक देते हैं, लेकिन कई लड़कियां हिम्मत दिखाती हैं और अपने हक और सम्मान के लिए आवाज बुलंद करती हैं। दहेज रूपी दानव को खत्म करने के लिए ऐसी ही बुलंद आवाज की जरूरत है।
इसे भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में 38 साल बाद संरक्षित जनजातियों की नसबंदी पर लगी रोक हटी