ग्रेनेड लॉन्चर, डेटोनेटर, कारतूस और बारूद... आंध्र प्रदेश के जंगलों में सुरक्षाबलों को मिला हथियारों का जखीरा
पुलिस और सुरक्षा बलों ने आंध्र प्रदेश के रामपाचोडावरम जिले के जंगली इलाकों में माओवादी-विरोधी अभियान के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक और माओवादियों से जुड़ी सामग्री बरामद की है।
HighLights
आंध्र प्रदेश में माओवादी-विरोधी अभियान में भारी विस्फोटक बरामद।
670 ग्रेनेड लॉन्चर शेल और अन्य सामग्री जब्त की गई।
माओवादी इन हथियारों का इस्तेमाल अपने अभियानों में करते।
डिजिटल डेस्क, पोलावरम। पुलिस और सुरक्षा बलों ने आंध्र प्रदेश के रामपाचोडावरम जिले के जंगली इलाकों में माओवादी-विरोधी अभियान के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक और माओवादियों से जुड़ी सामग्री बरामद की है।
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, आंध्र प्रदेश स्पेशल पुलिस और सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) के संयुक्त अभियान में 670 जिंदा बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (BGL) शेल, 42 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 250 ग्राम बारूद, कॉर्डेक्स के 25 टुकड़े, 12 विस्फोटक रिंग, सात जिंदा भरमार कारतूस, 62 एमएम मोर्टार के 16 खाली खोल, छह मीटर फ्यूज और चिकित्सा सामग्री बरामद हुई।
हथियारों के जखीरे को कहां इस्तेमाल करने वाले थे माओवादी
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि माओवादी कैडरों ने कथित तौर पर इन सामग्रियों को अपने अभियानों में इस्तेमाल करने के लिए छिपाकर रखा था। पोलावरम जिले के जंगली इलाकों में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान कई अन्य चीजें भी बरामद की गईं। इस अभियान में स्पेशल पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और अन्य सुरक्षा बलों के जवान शामिल थे। अभियान के बारे में और जानकारी का इंतजार है।
तेलंगाना पुलिस ने भी की कार्रवाई
एक अलग घटना में तेलंगाना पुलिस ने भद्राद्री कोठागुडेम जिले में तेलंगाना-छत्तीसगढ़ सीमा के पास के जंगली इलाके में कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओवादी) की पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (PLGA) बटालियन द्वारा छिपाकर रखे गए तीन ठिकानों से 280 BGL शेल जब्त किए।
16 नवंबर को पुजारी कांकेर गांव के पास चार्ला पुलिस द्वारा चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान यह बरामदगी हुई। इस अभियान में स्पेशल पार्टी के जवान और बम निरोधक दस्ता भी शामिल थे। आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर यह अभियान शुरू किया गया था। उन्होंने बताया था कि प्रतिबंधित संगठन ने गुप्त रूप से कहां-कहां सामान छिपाकर रखा है। पुलिस ने PLGA बटालियन से जुड़े ऐसे तीन ठिकानों का पता लगाया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।