महिला आरक्षण लागू करने के लिए सरकार लाएगी तीन विधेयक, हर राज्य की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने की मंजूरी
सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए तीन विधेयक लाएगी। इनमें से एक संविधान संशोधन विधेयक होगा।

महिला आरक्षण लागू करने के लिए सरकार लाएगी तीन विधेयक (फोटो- एएनआई)
HighLights
इनमें से एक होगा संविधान संशोधन विधेयक
50 प्रतिशत विधानसभाओं की मंजूरी भी ली जाएगी
पीटीआई, नई दिल्ली। सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए तीन विधेयक लाएगी। इनमें से एक संविधान संशोधन विधेयक होगा। विधेयकों में हर राज्य की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का स्पष्ट उल्लेख होगा।
संविधान संशोधन विधेयकों को 50 प्रतिशत राज्य विधानसभाओं से मंजूरी दिलाना अनिवार्य नहीं है, लेकिन नरेन्द्र मोदी सरकार परंपरा के तहत ऐसा करेगी।
सरकार की योजना के तहत पहले परिसीमन और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े उन दो विधेयकों को वापस लिया जाएगा, जो फिलहाल लोकसभा में लंबित हैं। इन विधेयकों को वापस लेने के बाद चर्चा और पारित कराने के लिए तीन नए विधेयक पेश किए जाएंगे।
सूत्रों ने कहा कि चर्चा के लिए करीब 10-12 घंटे और मतदान के लिए लगभग पांच घंटे निर्धारित किए जाने की संभावना है। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि सरकार को इन विधेयकों के पारित होने का भरोसा है।
एक सूत्र ने कहा, 'हमें पूरा भरोसा है कि इस बार तीनों विधेयक पारित हो जाएंगे। हमने कई दलों और उनके नेताओं से पहले ही सलाह-मशविरा कर लिया है। उनका पूरा आश्वासन मिलने के बाद ही हमने विशेष सत्र बुलाने का फैसला किया है।'
2011 की जनगणना के आधार पर तय होंगी सीमाएं
संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने और राज्य विधानसभाओं के अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है।
सूत्रों ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं 2011 की जनगणना के आधार पर नए सिरे से तय की जाएंगी, जबकि निर्वाचन क्षेत्रों का अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर निर्धारित होगा।
यह व्यवस्था दक्षिणी राज्यों की आशंकाएं दूर करने के लिए की गई है। इन राज्यों को डर है कि मौजूदा आबादी के आधार पर सीमाएं तय होने पर उन्हें नुकसान हो सकता है, क्योंकि उन्होंने उत्तरी राज्यों के उलट जनसंख्या नियंत्रण में सफलता हासिल की है।
दूसरा विधेयक लोकसभा एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण से संबंधित होगा, जबकि तीसरा विधेयक केंद्र शासित प्रदेशों के लिए होगा।
सूत्रों ने कहा कि निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण के लिए लाया जाने वाला नया विधेयक अप्रैल में लोकसभा में गिर गए विधेयक से काफी अलग है। संविधान के कम से कम आठ अनुच्छेदों में बड़े संशोधन किए जाएंगे।
छोटे केंद्र शासित प्रदेशों में लागू नहीं होगा 50 प्रतिशत का नियम
लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह जैसे छोटे केंद्र शासित प्रदेशों में निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का नियम लागू नहीं होगा। हालांकि, नगालैंड और मिजोरम जैसे राज्यों में यह फार्मूला लागू किए जाने की संभावना है, जहां सीटों की संख्या एक से बढ़ाकर दो की जाएगी। यह एक राजनीतिक फैसला होगा।
इसी वजह से विधेयक में लोकसभा की सीटों की अधिकतम संख्या 850 तक रखने का उल्लेख होगा। प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने के लिए परिसीमन आयोग का तुरंत गठन किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।