सरकार फेसबुक और एनालिटिका के जवाब का कर रही है मुआयना
केंद्र सरकार फेसबुक और कैम्बि्रज एनालिटिका के जवाब का मुआयना कर रही है।
नई दिल्ली, (प्रेट्र)। डाटा चोरी के मामले में केंद्र सरकार फेसबुक और कैम्बि्रज एनालिटिका के जवाब का मुआयना कर रही है। साथ ही साथ इस मामले के वैश्विक घटनाक्रम पर भी नजर रख रही है।
आइटी मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार भारत सरकार ने डाटा चोरी के मामले में इन दोनों कंपनियों को नोटिस जारी कर रखे हैं। उनसे डाटा चोरी का प्रभाव बताने को कहा गया है। इसके जवाब में फेसबुक ने कहा है कि भारत में करीब 5.62 लाख लोग इस डाटा चोरी से प्रभावित हुए हैं। भारत में फेसबुक के 20 करोड़ से अधिक यूजर हैं। इस पर आइटी मंत्रालय के अधिकारी का कहना है कि इन कंपनियों के जवाब की सच्चाई को आंका जा रहा है। विश्व भर में डाटा लीक का एक ही तरीका था। कमोबेश अनियमितताओं की प्रकृति भी एक ही थी।
उल्लेखनीय है कि फेसबुक ने अपने जवाब में कहा है कि एक ऐप के इंस्टालेशन से भारत में सीधे तौर पर केवल 335 लोग प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा, 5,62,120 वह लोग प्रभावित हुए हैं जो इनकी फ्रेंडलिस्ट में हैं। समझा जाता है कि इसी तरह कैंब्रिज एनालिटिका ने अपने जवाब में कहा है कि उसने फेसबुक से भारतीय यूजर्स के बारे में जानकारियां हासिल की गई हैं।
उल्लेखनीय है कि विगत दिवस फेसबुक ने इस मसले पर कहा था कि भारत में तथ्यों की जांच के लिए वह थर्ड पार्टी का प्रयोग करेगी। ताकि फर्जी खबरों को फेसबुक से हटाया जा सके। इसकी पायलट योजना वह कर्नाटक से ही शुरू कर रहा है, जहां अगले महीने विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।