Move to Jagran APP

देश में कोरोना के खिलाफ लड़ाई में गूगल भी साथ, कोविड-19 रोधी वैक्‍सीन की उपलब्‍धता के बारे में देगा जानकारी

गूगल ने कहा कि देश में 13 हजार से अधिक लोकेशन के लिए इस हफ्ते से गूगल सर्च गूगल मैप्स और गूगल असिस्टेंट की मदद से कोरोना वैक्सीन की उपलब्धता और अपना स्लॉट बुक करने की ज्यादा जानकारी हासिल की जा सकेगी।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Wed, 01 Sep 2021 03:53 PM (IST)Updated: Wed, 01 Sep 2021 05:31 PM (IST)
देश में कोरोना के खिलाफ लड़ाई में गूगल भी साथ, कोविड-19 रोधी वैक्‍सीन की उपलब्‍धता के बारे में देगा जानकारी
गूगल अब कोविड-19 रोधी वैक्‍सीन की उपलब्धता और स्‍लॉट के बारे में जानकारी देगा।

नई दिल्‍ली, पीटीआइ। देश में कोरोना के खिलाफ जारी लड़ाई में अब गूगल भी प्रत्‍यक्ष तौर पर शामिल हो गया है। गूगल ने बुधवार को कहा कि देश में 13 हजार से अधिक लोकेशन के लिए इस हफ्ते से गूगल सर्च, गूगल मैप्स और गूगल असिस्टेंट की मदद से कोरोना वैक्सीन की उपलब्धता और अपना स्लॉट बुक करने की ज्यादा जानकारी हासिल की जा सकेगी। समाचार एजेंसी पीटीआइ की रिपोर्ट के मुताबिक यह जानकारी CoWIN एप्लिकेशन से रीयल टाइम डेटा द्वारा संचालित होगी और इसमें हर केंद्र पर अपॉइंटमेंट स्लाट की उपलब्धता, टीके और खुराक की पेशकश (खुराक 1 या खुराक 2), मूल्य निर्धारण (भुगतान या मुफ्त) और CoWIN वेबसाइट से लिंक जैसे विवरण शामिल होंगे।

loksabha election banner

गूगल की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि जब यूजर अपने आस-पास या किसी विशिष्ट क्षेत्र में Google खोज, मैप और Google असिस्टेंट में वैक्सीन केंद्रों की खोज करेंगे तो यह जानकारी अपने आप दिखाई देगी। यूजर अंग्रेजी के अलावा हिंदी, बंगाली, तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़, गुजराती और मराठी समेत आठ भारतीय भाषाओं में खोज कर सकते हैं। गूगल ने कहा है कि वह भारत के सभी टीकाकरण केंद्रों की जानकारी देने के लिए CoWIN टीम के साथ मिलकर काम करना जारी रखेगा। गूगल ने इस साल मार्च में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ साझेदारी के तहत COVID-19 टीकाकरण केंद्रों की जानकारी दिखाना शुरू किया था।

गूगल सर्च की निदेशक हेमा बुदराजू ने कहा- लोग अपने जीवन की सुरक्षा के लिए महामारी से संबंधित जानकारी हासिल कर रहे हैं। इसलिए हम अपने प्लेटफार्मों पर आधिकारिक और समय पर जानकारी साझा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक देश में मंगलवार को एक दिन में सबसे ज्‍यादा 1.33 करोड़ COVID-19 रोधी वैक्सीन खुराक लगाई गईं। इसके साथ ही देश में टीकाकरण का आंकड़ा 65.41 करोड़ से अधिक हो गया है। यह 16 जनवरी से शुरू टीकाकरण अभियान के बाद अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। इसके साथ ही अगस्त महीने में देशभर में कोरोना रोधी वैक्‍सीन की कुल 18.18 डोज लगाई गई हैं। यदि पिछले आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो जुलाई महीने में देश में कोविड वैक्सीन की 13.45 करोड़ खुराकें दी गई थीं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.