गूगल और ट्विटर ने अपने अंदाज में भारतीयों को दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई
ट्विटर पर लाल किला इमोजी खास रहा तो गूगल ने खास डूडल बनाया।
नई दिल्ली, जेएनएन। आजादी के मौके पर दुनिया भर में तिरंगे को फहराकर राष्ट्रीय पर्व मनाया गया तो डिजिटल जगत भी इसमें पीछे नहीं रहा। सोशल मीडिया इसके जश्न से सराबोर रहा। सुबह से ही वाट्सएप, फेसबुक और ट्विटर पर स्वंतत्रता दिवस के बधाई और शुभकामना संदेशों की झड़ी लग गई। गूगल और ट्विटर ने अपने अंदाज में भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। ट्विटर पर लाल किला इमोजी खास रहा तो गूगल ने खास डूडल बनाया।
ट्विटर का लाल किला इमोजी
ट्विटर इंडिया ने स्वतंत्रता दिवस पर आजादी का प्रतीक और ऐतिहासिक इमारत लाल किला का इमोजी जारी करते हुए भारतीयों को बधाई दी। ये इमोजी हैशटैग इंडिपेंडेंसडेइंडिया के साथ दिनभर ट्रेंडिंग रहा। इस माइक्रोब्लागिंग साइट पर प्रधानमंत्री का भाषण भी लाइव प्रसारित किया गया।
राष्ट्रीय प्रतीकों से सजा गूगल डूडल
गूगल ने भारतीय सड़कों पर चलने वाले ट्रकों पर उकेरे आम जनजीवन से जुड़ चित्रों पर अपना डूडल बनाया। इसमें उसने देश के राष्ट्रीय प्रतीकों जैसे बंगाल टाइगर, मोर, आम, कमल और तिरंगा दिखाकर गूगल ने भारतीयों को बधाई दी।