भारत को ट्रेड डील पर मिलेगी खुशखबरी! प्रतिद्वंद्वी देशों के मुकाबले टैरिफ में फायदा देगा अमेरिका
अमेरिका ने भारत को प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तहत अन्य प्रतिस्पर्धी अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में टैरिफ में फायदा देने का आश्वासन दिया है।
-1794650812487_m.webp)
भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर चर्चा जारी (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
अमेरिका भारत को प्रतिस्पर्धियों से बेहतर टैरिफ लाभ देगा।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का पहला चरण जल्द पूरा होने की उम्मीद।
सेवाओं के मुद्दे ट्रेड डील के दूसरे चरण में होंगे शामिल।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच समझौते के पहले चरण और व्यापक समझौते को लेकर बातचीत जारी है। ऐसे में खबर सामने आई है कि अमेरिका, भारत पर लगने वाले टैरिफ को कम कर सकता है।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बताया है कि प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तहत अमेरिका ने भारत को अन्य प्रतिस्पर्धी अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में टैरिफ (शुल्क) में फायदा देने का आश्वासन दिया है।
भारत पर लगने वाला टैरिफ कम करेगा अमेरिका
अधिकारी ने कहा, 'अमेरिका ने व्यापार समझौते में भारत को उसके प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले टैरिफ में फायदा देने का भरोसा दिलाया है। अब यह देखना होगा कि टैरिफ का ढांचा किस तरह तैयार होता है।'
अधिकारी ने बताया कि भारत चालू वित्त वर्ष के अंत तक व्यापार समझौते के पहले चरण को पूरा करने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। पहले चरण और व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) को लेकर बातचीत साथ-साथ चल रही है।
अधिकारी ने आगे कहा कि सेवाओं से जुड़े मुद्दों को शुरुआती पैकेज में शामिल नहीं किया जाएगा। इन पर दूसरे चरण की बातचीत के दौरान चर्चा होगी, जो व्यापक BTA का ही हिस्सा होगा।
अधिकारी के अनुसार, अंतिम समझौता एक कानूनी दस्तावेज के रूप में होगा, जिसमें कुछ परिशिष्ट जुड़े होंगे। इसमें सीमा शुल्क (customs) और व्यापार सुगमता के लिए एक अलग अध्याय भी शामिल होगा।
भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील
एएनआइ के मुताबिक, इससे पहले वाणिज्य मंत्रालय के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिछले हफ्ते भारत और अमेरिका के बीच सीमा शुल्क और व्यापार सुगमता को लेकर चर्चा हुई थी।
इस मुद्दे पर बातचीत के लिए 2-3 नवंबर को अमेरिका की दो सदस्यीय टीम भारत आई थी। दोनों देश इस व्यापार समझौते पर चरणों में बातचीत कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- अमेरिका के आसमान में संकट के बादल... कैसे ठप हो गया एयर ट्रैफिक, अब आगे क्या होगा?