जेट एयरवेज के कर्मचारियों के लिए गुड न्यूज, ब्याज सहित मिलेंगे 480 करोड़ रुपये के ग्रेच्युटी और पीएफ बकाया
एनसीएलएटी ने जेट एयरवेज के कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है, जिसमें परिसमापक को 480 करोड़ रुपये के लंबित ग्रेच्युटी और पीएफ बकाये का भुगतान दो सप्ताह के भीतर ब्याज सहित करने का निर्देश दिया गया है।

जेट एयरवेज के कर्मचारियों के लिए गुड न्यूज। (पीटीआई)
HighLights
एनसीएलएटी ने जेट एयरवेज कर्मचारियों को 480 करोड़ रुपये भुगतान का आदेश दिया।
ग्रेच्युटी और पीएफ बकाया ब्याज सहित दो सप्ताह में मिलेगा।
सात साल की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद कर्मचारियों को जीत मिली।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जेट एयरवेज के कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण (एनसीएलएटी) ने गुरुवार को एयरलाइन के परिसमापक (लिक्विडेटर) को पात्र कर्मचारियों के 480 करोड़ रुपये के लंबित ग्रेच्युटी और भविष्य निधि (पीएफ) बकाये का भुगतान ब्याज सहित दो सप्ताह के भीतर करने का निर्देश दिया।
आदेश के अनुसार, ग्रेच्युटी की राशि सीधे पात्र कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी, जबकि पीएफ की रकम संबंधित भविष्य निधि कार्यालय के माध्यम से कर्मचारियों के खातों में जमा की जाएगी। इस फैसले से कर्मचारियों को सात साल की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद बड़ी जीत मिली है।
नियमों के तहत किसी कर्मचारी को पांच साल की सेवा पूरी करने के बाद ग्रेच्युटी का अधिकार मिलता है। इसकी गणना अंतिम वेतन के आधार पर की जाती है।
वहीं, कर्मचारी और नियोक्ता दोनों मूल वेतन का 12 प्रतिशत हिस्सा हर महीने पीएफ में जमा करते हैं। इससे पहले 30 जून को एनसीएलएटी ने स्पष्ट किया था कि जेट एयरवेज के कर्मचारियों को उनका पूरा पीएफ और ग्रेच्युटी बकाया मिलना चाहिए, भले ही एयरलाइन ने इसके लिए अलग से कोष नहीं बनाया हो।
न्यायाधिकरण ने भारतीय स्टेट बैंक सहित अन्य वित्तीय ऋणदाताओं की अपील भी खारिज कर दी थी। गौरतलब है कि जेट एयरवेज ने अप्रैल 2019 में परिचालन बंद कर दिया था। नवंबर 2024 में सुप्रीम कोर्ट ने एयरलाइन की संपत्तियों के परिसमापन का आदेश दिया था। नरेश गोयल द्वारा स्थापित इस एयरलाइन ने मई 1993 में चार बोइंग 737-300 विमानों के साथ परिचालन शुरू किया था।
(समाचार एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।