अच्छी पहल/ मुस्लिम महिलाओं को मिला अधिकार, अब इन दो मस्जिदों में पढ़ सकेंगी नमाज
बंगाल में महिलाओं को मस्जिदों में शौचालय सुविधा से लेकर आराम करने तक की सहूलियत दी जाएगी। विदेश से आई महिलाओं को पर्दा वाला स्थान नहीं होने की वजह से नमाज पढ़ने में शर्म महसूस होत
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल इमाम एसोसिएशन की पहल पर कोलकाता की दो बड़ी मस्जिद नाखुदा व टीपू सुल्तान में अब महिलाएं भी नमाज पढ़ सकेंगी। यही नहीं महिलाओं को इन दोनों ही मस्जिदों में शौचालय सुविधा से लेकर आराम करने तक की सहूलियत दी जाएगी। दोनों मस्जिदों ने यह फैसला इमाम एसोसिएशन द्वारा भेजे गए पत्र के बाद लिया है। इस पहल से मुस्लिम महिलाएं काफी खुश हैं, क्योंकि उन्हें पहले इन मस्जिदों में नमाज पढ़ने की इजाजत नहीं थी।
बंगाल इमाम एसोसिएशन के चेयरमैन मोहम्मद याहिया का कहना है कि कोलकाता की उक्त दोनों ही मस्जिदों में महिलाएं अक्सर ही नमाज पढ़ने के लिए आती हैं, लेकिन व्यवस्था नहीं होने की वजह से वह नमाज नहीं पढ़ पाती थीं। उनका कहना है कि शरिया के नियमों के मुताबिक महिलाएं भी मस्जिदों में नमाज पढ़ सकती हैं, लेकिन इसके लिए पर्दा आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विदेश से आई महिलाओं को पर्दा वाला स्थान नहीं होने की वजह से नमाज पढ़ने में शर्म महसूस होती थी। इसीलिए एसोसिएशन ने मस्जिदों को पत्र लिखकर व्यवस्था करने की गुजारिश की थी।
नाखुदा मस्जिद के इमाम शफीक कासमी ने एसोसिएशन का पत्र मिलने की बात कहते हुए कहा कि व्यवस्था की जा रही है। मस्जिद में तीन गेट हैं। एक गेट सिर्फ महिलाओं को लिए खोला जाएगा। वहीं पर महिलाओं के लिए वजू करने और आराम करने की भी जगह बनाई जा रही है। इसी तरह धर्मतल्ला स्थित टीपू सुल्तान मस्जिद में भी इसी तरह की व्यवस्था की जा रही है, जहां महिलाओं के लिए नमाज पढ़ने, शौचालय, आराम करने का स्थान बनाया जा रहा है। दोनों ही मस्जिदों के इस फैसले से महिलाएं काफी खुश हैं। इन महिलाओं का कहना है कि रमजान के समय यह खबर मिलना काफी अच्छा लगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप