Move to Jagran APP

एक बार फिर समुद्री रास्ते से भारत में घुसने की फिराक में आतंकी, अलर्ट पर गोवा

समुद्री रास्ते में फिर भारत में घुसने की फिराक में आतंकी। गोवा में आतंकी हमले का अलर्ट जारी। मुंबई व गुजरात के तटों पर भी चेतावनी दी जा सकती है।

By Nancy BajpaiEdited By: Published: Sat, 07 Apr 2018 08:44 AM (IST)Updated: Sat, 07 Apr 2018 09:13 AM (IST)
एक बार फिर समुद्री रास्ते से भारत में घुसने की फिराक में आतंकी, अलर्ट पर गोवा

पणजी (पीटीआइ)। एक बार फिर आतंकी दहशत फैलाने के इरादे से समुद्री रास्ते के जरिए भारत में घुसने की फिराक में हैं। इस बार आतंकियों के निशाने पर पर्यटक स्थल गोवा है। माना जा रहा है कि गोवा के समुद्री रास्ते से आतंकी भारत में प्रवेश कर सकते हैं। इस खुफिया जानकारी के बाद राज्य सरकार ने सभी जहाजों और कसीनों को चेतावनी जारी की है। गोवा के पोर्ट (बंदरगाह) मंत्री ने बताया कि खुफिया जानकारी के अनुसार मछली पकड़ने वाले ट्रॉलर (नाव) के जरिए आतंकी भारत में घुस सकते हैं।

loksabha election banner

अलर्ट पर गोवा 

राज्य के पोर्ट मंत्री जयेश सालगांवकर ने बताया कि उनके विभाग ने समुद्री तट से दूर स्थित कसीनो, जल खेल ऑपरेटरों और नौकाओं को अलर्ट जारी कर दिया है। भारतीय तटरक्षक बल ने पश्चिमी तट पर आतंकी हमले की खुफिया जानकारी दी है। जिसके बाद यह चेतावनी जारी की गई है।

केवल गोवा तक सीमित नहीं चेतावनी

सालगांवकर ने कहा, 'ये चेतावनी केवल गोवा तक सीमित नहीं है। यह मुंबई या गुजरात के तट को भी जारी की जा सकती है, लेकिन हमने जहाजों और संबंधित एजेंसियों को सतर्क कर दिया है।' मंत्री ने बताया, 'भारत की एक मछली पकड़ने वाले ट्रॉलर को पाकिस्तान द्वारा जब्त कर लिया गया है। खुफिया जानकारी के अनुसार इसी ट्रॉलर (नाव) से आतंकी भारत में प्रवेश कर सकते हैं।'

राज्य के बंदरगाह विभाग ने समुद्री तट से सटे कसीनों, क्रूज जहारों और नावों को खुफिया इनपुट के मद्देनजर सतर्क रहने को कहा गया है। बंदगाहों के कप्तान जेम्स ब्रागांजा ने एक पत्र के जरिए गोवा के पर्यटन विभाग, सभी जल खेल ऑपरेटरों, कैसीनो, क्रूज के जहाजों व नावों को इसकी जानकारी दी है। पत्र में लिखा है, 'जिला तटरक्षक बल को खुफिया जानकारी प्राप्त हुई है कि आतंकी कराची में पकड़ी गई मछली पकड़ने वाली भारतीय नाव में सवार होकर भारत में घुसने की फिराक में हैं और आतंकी हमला करने की साजिश रच रहे हैं।' पत्र के अनुसार, 'सभी जहाजों को सुरक्षा बढ़ाने और संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है। संपर्क करने पर ब्रागांजा ने सभी संबंधित लोगों को पत्र भेजने की पुष्टि की है। यह पत्र राज्य के मुख्य सचिव धर्मेंद्र शर्मा को भी भेजा गया है।

समुद्री रास्ते से आए थे 26/11 को मुंबई दहलाने वाले आतंकी

26 नवंबर, 2008 को पाकिस्तान से आए 10 आतंकियों ने मुंबई में मासूमों की हत्या का नंगा नाच दिखाया था। मुंबई के लिए वह काली रात थी। उस शाम कोलाबा के समुद्री तट पर एक बोट से दस पाकिस्तानी आतंकी उतरे और छिपते-छिपाते हथियारों से लैस ये आतंकी नदी के तट पर पहुंचे। करीब 10 आतंकी कोलाबा की मच्छीमार कॉलोनी से मुंबई में घुसे और फिर अपनी घिनौनी करतूतों को अंजाम देने लगे। मच्छीमार कॉलोनी से बाहर निकलते ही ये आतंकी दो-दो की टोलियों में बंट गए। 10 आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर 166 मासूम लोगों की हत्‍या कर दी थी। इस हमले को अंजाम देने वालों में से महज एक को ही जिंदा पकड़ा जा सका था, जिसका नाम था अजमल कसाब। पाकिस्‍तान में बैठे आतंकियों के आकाओं ने इस हमले को अंजाम देने के लिए पहले इन सभी आतंकियों को पूरी ट्रेनिंग दी थी। हमले के करीब चार वर्ष बाद 21 नवंबर, 2012 को पुणे के यरवडा जेल में सुबह साढ़े सात बजे आतंकी अहमल कसाब को फांसी दे दी गई। लेकिन इस हमले की साजिश रचने वाले आतंकी आज भी पाकिस्‍तान में खुले घूम रहे हैं। इनका सबसे बड़ा चेहरा आतंकी हाफिज सईद है।
 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.