'नौकरी में कन्नड़ युवाओं को प्राथमिकता दें', कर्नाटक सीएम शिवकुमार ने कंपनियों से की अपील
'कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी' से जुड़े एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशल युवाओं को भर्ती करने की इच्छुक कंपनियां ...और पढ़ें

'नौकरी में कन्नड़ युवाओं को प्राथमिकता दें', कर्नाटक सीएम शिवकुमार
HighLights
कंपनियों को सहयोग देने और मोरल पुलिसिंग से बचाने का भरोसा दिलाया
शिवकुमार ने कहा मैं आपसे कर्नाटक के स्थानीय उम्मीदवारों को महत्व देने का अनुरोध करता हूं
पीटीआई, बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने निजी कंपनियों से भर्ती के दौरान कन्नड़ युवाओं को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कंपनियों को सरकार की ओर से पूरा सहयोग देने और मोरल पुलिसिंग या किसी तरह की दखल से बचाने का भरोसा दिलाया।
'कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी' से जुड़े एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशल युवाओं को भर्ती करने की इच्छुक कंपनियां सरकार से संपर्क कर सकती हैं। सरकार उन्हें सुविधा मुहैया कराएगी।
एक बार फिर मैं आपसे कर्नाटक के स्थानीय उम्मीदवारों को महत्व देने का अनुरोध करता हूं। ऐसा न करने पर कई तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं, लेकिन फिर भी हम आपकी रक्षा करेंगे।
शिवकुमार ने कंपनियों को सहयोग देने की अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही कहा कि स्थानीय उम्मीदवारों को प्राथमिकता देना कंपनियों की भी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा, आपको कन्नड़ भाषियों की भर्ती करनी चाहिए।
उनकी यह टिप्पणी कन्नड़ कार्यकर्ता टीए नारायण गौड़ा के नेतृत्व वाली कर्नाटक रक्षण वेदिके की ओर से निजी कंपनियों में कन्नड़ भाषियों के लिए रोजगार के अवसरों का आकलन करने के लिए राज्यव्यापी अभियान शुरू किए जाने के बीच आई है।
स्थानीय कारोबारियों को प्रोत्साहित करें
शिवकुमार ने गुरुवार को स्वीडिश फर्नीचर खुदरा विक्रेता आईकिया के स्टोर का उद्घाटन करते हुए कहा कि कर्नाटक के छोटे उद्यमी गुणवत्तापूर्ण फर्नीचर बनाने में सक्षम हैं।
उन्होंने कंपनी से स्थानीय कारोबारियों का उपयोग करने और उन्हें प्रोत्साहित करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्नाटक को अधिक प्राथमिकता दें। आइकिया में कन्नड़ लोगों को अधिक रोजगार दें।