विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत समिट में इटली के विपक्षी नेता का विवादित नारा लगाने का मामला पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, शुक्रवार को होगी सुनवाई

Published: Wed, 18 Nov 2026 08:09 PM (IST)

तेलंगाना में भारत समिट 2026 के दौरान इटली के नेता जियाकोमों फिलबेक द्वारा 'वोट चोर गद्दी छोड़' नारा लगाने का ...और पढ़ें

विवादित नारा लगाने का मामला पहुंचा सुप्रीम कोर्ट (फाइल फोटो)

विवादित नारा लगाने का मामला पहुंचा सुप्रीम कोर्ट (फाइल फोटो)

HighLights

  1. इटली के नेता ने भारत समिट में विवादित नारा लगाया।

  2. मामला विदेशी हस्तक्षेप को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंचा।

  3. कोर्ट सोशल मीडिया से वीडियो हटाने पर करेगा विचार।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। तेलंगाना की कांग्रेस सरकार की ओर से आयोजित भारत समिट 2026 में इटली के नेता जियाकोमों फिलबेक के भारत की अंदरूनी राजनीति में हस्तक्षेप करने और वोट चोर गद्दी छोड़ जैसा विवादित राजनीतिक नारा लगाए जाने का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है।

बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में इस मामले का जिक्र करते हुए सोशल मीडिया से विवादित नारे का वीडियो हटाने की मांग पर जल्द सुनवाई का अनुरोध किया गया। कोर्ट ने मामले पर शुक्रवार को सुनवाई करने की सहमति जताई।

कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियां सरकार पर चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए सरकार के खिलाफ वोट चोर गद्दी छोड़ का नारा लगाती हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी विशेषकर सरकार के खिलाफ इस नारे का प्रयोग करते हैं।

लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में हैदराबाद में आयोजित भारत समिट कार्यक्रम में इटली के विपक्षी नेता जियाकोमों फिलबेक द्वारा इस नारे को लगाए जाने के बाद से भारत की अंदरूनी राजनीति में विदेशी हस्तक्षेप को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

भाजपा ने इसका कड़ा विरोध किया है। लेकिन अब ये मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। इस मामले में एक याचिका दाखिल हुई है जिसमें मांग की गई है कि इस नारे संबंधित वीडियो सोशल मीडिया से हटाए जाएं।

बुधवार को याचिकाकर्ता के वकील सैयद रिजवान अहमद ने प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, जोयमाल्या बाग्ची और वी. मोहना की पीठ के समक्ष याचिका का जिक्र किया। रिजवान ने आरोप लगाया कि इटली के विपक्षी नेता, पार्टी आफ यूरोपियन सोशलिस्ट के सेकरेट्री जनरल फिलबेक ने समिट को संबोधित करते हुए सरकार की आलोचना और विपक्ष के समर्थन में बयान देकर भारत के घरेलू राजनीतिक मामलों में हस्तक्षेप किया है।

वकील ने मामले पर तत्काल सुनवाई का अनुरोध करते हुए कहा कि तेलंगाना सरकार और समृद्ध भारत फाउंडेशन सहित कुछ और संस्थाओ के तत्वाधान में एक कार्यक्रम आयोजित हुआ किया गया था। इस कार्यक्रम में इटली का एक व्यक्ति शामिल हुआ, जो यूरोपियन सोशलिस्ट पार्टी का प्रतिनिधित्व करता है।

उसने सीधे तौर पर भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था में हस्तक्षेप किया है और बेहद आपत्तिजनक नारे का इस्तेमाल किया। उस नारे को जल्दी ही सोशल मीडिया से हटाया जाए। वकील ने कहा मुझे यहां उस नारे को दोहराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि इटेलियन डैलिगेट ने दूसरे डेलिगेट के लिए उस नारे का अंग्रेजी में अनुवाद किया। दलीलें सुनकर पीठ ने मामले पर शुक्रवार को सुनवाई करने की बात कही।

दाखिल याचिका में कहा गया है कि इस तरह किसी विदेशी का भारत के राजनीतिक कैम्पेन में हिस्सा लेना, जिसमें गलत नारे लगाना और किसी खास राजनीतिक दल और उसकी लीडरशिप का समर्थन करने के साथ-साथ भेदभाव वाले राजनीतिक बयान देना शामिल है, इस बारे में गंभीर चिंता पैदा करता है। याचिका में इस पर कार्रवाई सहित कई मांगे की गई हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।