सीनियर बात करने को तैयार, फिर भी हिचकिचाते हैं जेन-जी; लिंक्डइन की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
जेन-जी पेशेवर आंके जाने के डर से करियर में मददगार लोगों से संपर्क करने में हिचकिचाते हैं। भारत में 83% जेन-जी ऐसे लोगों से बात करने में संकोच करते हैं, जिससे उनके करियर को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

आंके जाने के डर से करियर में मददगार लोगों से संपर्क करने से हिचक रहे जेन-जी पेशेवर
HighLights
जेन-जी पेशेवर आंके जाने के डर से नेटवर्किंग से बचते हैं।
भारत में 83% युवा करियर सहायक से बात करने में हिचकिचाते हैं।
लिंक्डइन रिपोर्ट: संबंध नौकरी पाने की संभावना 8.5 गुना बढ़ाते हैं।
पीटीआई, मुंबई। जेन-जी पेशेवरों को आंके जाने का डर उन लोगों से संपर्क करने से रोक रहा है, जो उनके करियर को आगे बढ़ाने में मदद कर सकते हैं।
लिंक्डइन की एक रिपोर्ट के अनुसार, तीन-चौथाई से ज्यादा जेन-जी पेशेवर ऐसे लोगों से बातचीत या नेटवर्किंग करने में हिचकिचाते हैं। यह रिपोर्ट बताती है कि भारत के जेन-जी पेशेवर आनलाइन जुड़े रहने वाले माहौल में बड़े हुए हैं, लेकिन उनमें से 83 प्रतिशत ऐसे लोगों से बातचीत करने में संकोच करते हैं, जो उनके करियर में सहायक हो सकते हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि आंके जाने यानी जजमेंट का डर (44 प्रतिशत), दूसरों को परेशान करने की चिंता (39 प्रतिशत) और अपनी बात को बनावटी लगने की आशंका (37 प्रतिशत) जेन-जी को उपयोगी सलाह लेने, संपर्क बनाने और नए अवसर हासिल करने से रोक रही है।
यह रिपोर्ट सेंसेसवाइड द्वारा 20 जुलाई से 11 अगस्त, 2026 के बीच भारत, ब्रिटेन, अमेरिका, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, सिंगापुर, आस्ट्रेलिया, ब्राजील, संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब में पूर्णकालिक और अंशकालिक काम करने वाले 18 से 80 वर्ष की उम्र के 18,050 लोगों के बीच किए गए सर्वेक्षण पर आधारित है।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि भारत के 79 प्रतिशत जेन-जी पेशेवर संबंधों को महत्वपूर्ण मानते हैं, लेकिन आधे से अधिक (52 प्रतिशत) यह नहीं जानते कि शुरुआत कैसे करें। 53 प्रतिशत लोगों को संपर्कों को वास्तविक संबंधों में बदलने में कठिनाई होती है और वे इस बात को लेकर चिंतित होते हैं कि इसके लिए उन्हें क्या कीमत चुकानी पड़ेगी।
लिंक्डइन के आंकड़ों के अनुसार, जिन भारतीय नौकरी आवेदकों का कंपनी के भीतर किसी व्यक्ति से संपर्क था, उनके नौकरी पर रखे जाने की संभावना ऐसे आवेदकों की तुलना में करीब 8.5 गुना अधिक थी, जिनका कोई ऐसा संपर्क नहीं था।
हालांकि, करीब पांच में से तीन (59 प्रतिशत) जेन-जी पेशेवरों ने कहा कि किसी ने उन्हें यह स्पष्ट रूप से नहीं बताया कि पेशेवर संबंध कैसे बनाए जाते हैं।
कई लोगों को सीमित मार्गदर्शन मिला या उन्होंने खुद ही यह समझने की कोशिश की। इससे यह तय करना और मुश्किल हो जाता है कि किससे संपर्क करें, कब संपर्क करें और क्या कहें।
वहीं, संपर्क करने को लेकर कई लोगों की चिंता के बावजूद, 92 प्रतिशत मिलेनियल्स (1981 से 1996 के बीच जन्मे) और 95 प्रतिशत जेन-एक्स पेशेवरों (1965 से 1980 के बीच जन्मे) ने कहा कि वे अपने करियर की शुरुआत करने वाले किसी व्यक्ति की मदद करेंगे, भले ही वे उसे जानते न हों।
लिंक्डइन की करियर विशेषज्ञ निराजिता बनर्जी ने कहा, जैसे-जैसे नौकरियों का स्वरूप बदल रहा है, सार्थक संबंध बनाने की क्षमता कौशल विकसित करने जितनी महत्वपूर्ण होती जा रही है।
उन्होंने कहा कि मेलजोल का मतलब अनजान लोगों से अचानक संपर्क करना नहीं है, बल्कि समय के साथ छोटी-छोटी बातचीत भरोसा कायम करती है और अवसर प्रदान कर सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।