पीएम संग्रहालय में जल्द नजर आएंगे महात्मा गांधी और वाजपेयी के जीवंत 'AI अवतार', किसी भी PM संग ले सकेंगे फोटो
दिल्ली के प्रधानमंत्री संग्रहालय में जल्द ही महात्मा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी के जीवंत एआई अवतारों से संवाद किया ...और पढ़ें

पीएम संग्रहालय में जल्द नजर आएंगे महात्मा गांधी और वाजपेयी के जीवंत AI अवतार।
HighLights
महात्मा गांधी, वाजपेयी के जीवंत एआई अवतार संग्रहालय में।
आगंतुक एआई अवतारों से सीधा संवाद कर सकेंगे।
किसी भी प्रधानमंत्री के साथ फोटो खिंचवाने का अनुभव।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के प्रधानमंत्री संग्रहालय में आने वाले आगंतुक यहां जल्द ही महात्मा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी के एआई से निर्मित 'अति जीवंत 3डी अवतारों'' के साथ संवाद कर सकेंगे।
इन दोनों प्रख्यात नेताओं को उनके एआई अवतारों में लाने की परियोजना अंतिम चरण में है और पिछले सितंबर में सरदार वल्लभभाई पटेल पर आयोजित पहली एआई-संचालित संवादपरक प्रदर्शनी को मिली अच्छी प्रतिक्रिया के बाद शुरू की गई थी।
प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय (पीएमएमएल) के निदेशक अश्विनी लोहानी ने कहा- 'हम संग्रहालय में आगंतुकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का व्यापक इस्तेमाल करने पर काम कर रहे हैं। हमने सरदार पटेल के आदमकद एआई संचालित होलोबाक्स से शुरुआत की और फिर पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के एआई संचालित होलोबाक्स को भी पेश किया गया।
जल्द ही हम गांधी जी और अटल जी के भी इसी तरह के एआई अवतार पेश करेंगे।' लोहानी ने बताया कि यह परियोजना मई के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है। पीएमएमएल ने 14 अप्रैल को अपने चार साल पूरे किए हैं। संग्रहालय में प्रतिदिन औसतन 1,400-1,500 लोग आते हैं।
इस संग्रहालय को सरकार ने दिल्ली में एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में प्रचारित किया है और यह एक ऐतिहासिक इमारत में स्थित है। इस इमारत का निर्माण 1929-30 में ब्रिटिश सैन्य बलों के कमांडर-इन-चीफ के निवास के रूप में हुआ था। यह बाद में पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का निवास स्थान बन गया।
इस इमारत में 2022 में बने एक आधुनिक परिसर में कई गैलरी हैं, जिनमें भारत के सभी प्रधानमंत्रियों की विरासत को दर्शाने वाली गैलरी भी शामिल है। पिछले चार वर्षों में पीएमएमएल की यात्रा के बारे में लोहानी ने कहा-'यह शानदार रहा है। पीएमएमएल दुनिया के अनूठे संग्रहालयों में से एक है। अब काफी आगंतुक आ रहे हैं और हम प्रौद्योगिकी के उपयोग को बढ़ा रहे हैं। यह संग्रहालय लोकतंत्र की अवधारणा को सही करता है।'
वित्तीय वर्ष 2025-26 में 64 लाख से अधिक लोगों ने संग्रहालय का दौरा किया, जो इसकी बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। लोहानी ने बताया कि संग्रहालय में एआई का उपयोग आगंतुकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है। इसके अलावा, एक स्टार्टअप के साथ मिलकर एआई-आधारित तकनीक से लैस 'स्मार्ट ग्लास' का इस्तेमाल करने की संभावनाओं पर भी काम चल रहा है।
आगंतुक नेहरू से लेकर नरेन्द्र मोदी तक किसी भी प्रधानमंत्री के साथ 'फोटो खिंचवाने' का विकल्प भी चुन सकते हैं। नई इमारत में आगंतुक देश की प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं के ऊपर 'हेलीकॉप्टर की रोमांचक सवारी' का आनंद ले सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।