विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छह माह तक के शिशुओं के आहार में सुक्रोज और फ्रक्टोज मिलाने पर लगेगी रोक, FSSAI ने जारी किया ड्राफ्ट

Published: Sat, 17 Oct 2026 08:53 PM (IST)

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने छह माह तक के शिशुओं के लिए बनाए जाने वाले खाद्य उत्पादों ...और पढ़ें

छह माह तक के शिशुओं के लिए सुक्रोज, फ्रक्टोज पर रोक।

छह माह तक के शिशुओं के लिए सुक्रोज, फ्रक्टोज पर रोक।

HighLights

  1. FSSAI ने शिशु आहार में चीनी पर प्रतिबंध का प्रस्ताव दिया।

  2. छह माह तक के शिशुओं के लिए सुक्रोज, फ्रक्टोज पर रोक।

  3. यह कदम शिशुओं के स्वास्थ्य और पोषण सुरक्षा हेतु है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआइ) ने छह माह तक के शिशुओं के लिए बनाए जाने वाले खाद्य उत्पादों में सुक्रोज और फ्रक्टोज मिलाने पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव दिया है। इसका मकसद शिशुओं को शुरुआती उम्र में अतिरिक्त चीनी के इस्तेमाल से बचाकर उनके स्वास्थ्य की रक्षा करना है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, इस प्रस्ताव का मकसद शिशुओं के पोषण संबंधी सुरक्षा उपायों को मजबूत करना है। एफएसएसएआइ ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक (शिशु पोषण के लिए खाद्य पदार्थ) विनियम, 2020 में संशोधन का मसौदा जारी किया है। इसमें छह माह तक के शिशुओं के लिए बनाए जाने वाले खाद्य उत्पादों में सुक्रोज और फ्रुक्टोज मिलाने पर रोक लगाने का प्रस्ताव है।

मसौदा अधिसूचना पर आम लोगों और संबंधित पक्षों से सुझाव एवं आपत्तियां मांगी गई हैं। इसके लिए 60 दिन का समय दिया गया है। मौजूदा नियमों में जन्म से लेकर 24 माह तक के बच्चों के लिए विभिन्न श्रेणियों के शिशु पोषण उत्पादों की पोषण संरचना, गुणवत्ता और सुरक्षा के व्यापक मानक निर्धारित हैं।

वर्तमान प्रविधानों के तहत कार्बोहाइड्रेट के लिए लैक्टोज और ग्लूकोज पालिमर को प्राथमिकता दी जाती है। हालांकि, जरूरत पड़ने पर निर्धारित सीमाओं के अधीन सुक्रोज या फ्रक्टोज मिलाने की अनुमति है। मंत्रालय ने कहा कि जीवन के पहले छह महीने स्वस्थ वृद्धि और विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में उचित पोषण विशेष रूप से जरूरी है।

मंत्रालय के अनुसार, यह पहल बच्चों में मोटापे और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जुड़े आहार संबंधी जोखिमों को कम करने के व्यापक सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयासों के अनुरूप है। यह कदम जन्म के बाद पहले छह महीनों तक केवल स्तनपान कराने संबंधी स्थापित स्वास्थ्य सिफारिशों को भी प्रोत्साहित करेगा।

सुक्रोज और फ्रक्टोज दोनों प्राकृतिक शर्करा हैं। सुक्रोज मुख्य रूप से गन्ने और चुकंदर से प्राप्त होता है। फ्रक्टोज को फल शर्करा भी कहा जाता है क्योंकि यह प्राकृतिक रूप से फलों, शहद और कुछ सब्जियों में पाया जाता है। यह सुक्रोज से अधिक मीठा होता है।

सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार