बिसलेरी के बाद दूसरे पानी ब्रांड्स रडार पर, FSSAI ने शुरू की जांच; 2 महीने में आएगी रिपोर्ट
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने पैकेटबंद पीने के पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए देशव्यापी अभियान शुरू किया है, जिसके नतीजे 1-2 महीने में आएंगे।

बिसलेरी विवाद के बीच FSSAI की देशभर में पानी जांच शुरू (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बाजार में बिकने वाले पैकेटबंद पीने के पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने पूरे देश में एक बड़ा निगरानी अभियान शुरू किया है।
FSSAI के सीईओ रजित पुन्हानी ने जानकारी दी है कि इस देशव्यापी जांच के नतीजे आने में कम से कम एक से दो महीने का समय लगेगा।
क्यों चलाया जा रहा अभियान?
रजित पुन्हानी ने पत्रकारों से बीतचीत में स्पष्ट किया कि पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर को किसी विशेष घटना के कारण निशाना नहीं बनाया जा रहा है, बल्कि यह नियामक संस्था के नियमित और व्यापक निगरानी कार्यक्रम का ही एक हिस्सा है।
उन्होंने बताया कि FSSAI समय-समय पर अलग-अलग खाद्य श्रेणियों की जांच करता है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कंपनियां तय सुरक्षा मानकों का पालन कर रही हैं या नहीं। पुन्हानी के अनुसार, पिछले साल प्राधिकरण ने डेयरी उत्पाद, मांस, अंडे, अनाज, एनर्जी ड्रिंक्स और मीठे पेय पदार्थों की जांच की थी। उसी क्रम में इस बार पीने के पानी के सैंपल जांचे जा रहे हैं।
भ्रामक एड पर सख्त चेतावनी
गुणवत्ता जांच के साथ-साथ FSSAI ने खाद्य कंपनियों को उनके विज्ञापनों को लेकर भी आगाह किया है। पुन्हानी ने बिजनेस इंडस्ट्री से अपील की है कि वे अपने उत्पादों का प्रचार करते समय या कोई दावा करते समय नैतिक तरीकों का पालन करें। उन्होंने कहा कि नियामक इस मामले को केवल कानूनी नजरिए से नहीं देख रहा है, बल्कि इसमें नैतिक जिम्मेदारी भी जुड़ी है। कंपनियों को जिम्मेदार विज्ञापन प्रथाओं को अपनाना चाहिए।
बिसलेरी के सैंपल को लेकर विवाद
FSSAI का यह अभियान ऐसे समय में शुरू हुआ है, जब प्राधिकरण ने प्रमुख पैक्ड वॉटर कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। यह मामला कंपनी के दक्षिण गोवा स्थित वर्ना इलेक्ट्रॉनिक सिटी प्लांट से लिए गए एक सैंपल से जुड़ा है।
23 नवंबर को FSSAI ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी थी। शुरुआती जांच में इस सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा तय मानक से अधिक पाई गई थी, जिसके बाद इसे खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया।
कंपनी की अपील पर जब सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया, तो वहां भी इसमें पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन की मौजूदगी पाई गई।
कंपनी और नियामक का पक्ष
हालांकि, FSSAI ने सोमवार को यह साफ कर दिया कि यह कार्रवाई केवल गोवा प्लांट के एक विशेष बैच (नंबर GO 270) के एक सैंपल तक ही सीमित है। प्राधिकरण ने संबंधित बैच की बिक्री पर रोक लगाने का आदेश भी जारी किया है।
इस पर बिसलेरी इंटरनेशनल ने FSSAI के स्पष्टीकरण का स्वागत किया है। कंपनी ने कहा कि यह रोक केवल 27 सितंबर 2025 को बने उस एक बैच पर लागू होती है, जिसका कोई भी स्टॉक अब बाजार में मौजूद नहीं है। कंपनी का यह भी दावा है कि दोबारा जांच में ब्रोमेट का स्तर तय सीमा के भीतर पाया गया था।
(न्यूज एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।