देश के 22 राज्यों की 100 पवित्र नदियों में विसर्जित होंगी 'अटल' की अस्थियां
भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों को देश के 22 राज्यों की 100 प्रमुख पवित्र नदियों में विसर्जित किया जाएगा।
नई दिल्ली (जेएनएन)। भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों को देश के 22 राज्यों की 100 प्रमुख पवित्र नदियों में विसर्जित किया जाएगा। इस बीच रविवार शाम को वाजपेयी के अस्थि कलश को लखनऊ लाया गया। बता दें कि रविवार सुबह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दत्तक बेटी नमिता ने उनकी अस्थियों को हरिद्वार में हर की पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड पर गंगा में प्रवाहित की थी।
23 अगस्त को लखनऊ में सर्वदलीय सभा
23 अगस्त को दोपहर तीन बजे लखनऊ में एक सर्वदलीय सभा का आयोजन किया जाएगा। उसी दिन गोमती नदी में वाजपेयी की अस्थियों का विसर्जन भी किया जाएगा। इस दौरान अटल जी के परिजनों के अलावा गृहमंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। जानकारी के मुताबिक, यूपी के 10 स्थानों पर प्रवाहित होने वाली पवित्र नदियों मे वाजपेयी की अस्थियों को विसर्जित किया जाएगा, इसके लिए पहले भाजपा प्रदेश कार्यालय से कलश यात्रा निकाली जाएगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्रनाथ पाण्डेय ने बताया कि उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में 25 अगस्त को और पार्टी के सभी मंडलों में 27- 28 अगस्त को श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी।
22 राज्यों में किया जाएगा प्रवाह
अटल जी की अस्थियों को उत्तराखंड में तीन स्थानों पर, बिहार में सात, गुजरात में चार, ओडिशा में सात, पश्चिम बंगाल में दो, दिल्ली में एक, असम में दो, पंजाब में तीन, तेलंगाना में दो, राजस्थान में दो, मध्य प्रदेश में चार, केरल में एक, आंध्र प्रदेश में चार, जम्मू कश्मीर में दो, सिक्किम में एक, कर्नाटक में सात, महाराष्ट्र में नौ, दमन में एक, तमिलनाडु में आठ, गोवा में दो, हिमाचल प्रदेश में दो स्थानों पर विसर्जन किया जाएगा।
कहां विसर्जित होंगी अस्थियां
उत्तर प्रदेश
- इलाहाबाद (संगम)
- आगरा, औरैया, मथुरा, इटावा (यमुना नदी)
- अयोध्या (सरयू)
- लखनऊ और जौनपुर (गोमती)
- गोरखपुर (राप्ती नदी)
- बदायूं (स्त्रोत नदी), चित्रकूट (मंदाकिनी नदी)
- कानपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, फरुर्खाबाद, फतेहगढ़, कन्नौज, कानपुर कैंट, शुक्लागंज, चकेरी और गढ़ मुक्तेश्वर (गंगा)
उत्तराखंड
- बद्रीनाथ (अलकनंदा)
- ऋषिकेश और हरिद्वार (गंगा)
बिहार
- भागलपुर, पटना, हाजीपुर, मुंगेर, जमालपुर (गंगा)
- गया (फल्गु)
- पूर्णिया (कोसी नदी)