विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 22, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आसमां से ‘अवनि’ का संदेश, बेटियां बोझ नहीं; होती हैं खास

By Lalit RaiEdited By:
Published: Thu, 22 Feb 2018 04:35 PM (IST)Updated: Thu, 22 Feb 2018 05:14 PM (IST)

भारतीय वायुसेना में पायलट अवनि चतुर्वेदी ने मिग 21 उड़ा कर ये साबित कर दिया कि लड़कियां, लड़कों से किसी भी मायने में कम नहीं हैं।

आसमां से ‘अवनि’ का संदेश, बेटियां बोझ नहीं; होती हैं खास
आसमां से ‘अवनि’ का संदेश, बेटियां बोझ नहीं; होती हैं खास

नई दिल्ली [स्पेशल डेस्क]। एक तरफ देश के कुछ हिस्सों में आज भी लड़कियों के जन्म को शुभ नहीं माना जाता है। लोग तरह तरह के उपायों के जरिए लड़कियों को इस धरा की खूबसूरती को देखने के अधिकार को छीन लेते हैं। दिल्ली से सटे हरियाणा और पंजाब में लिंगानुपात में थोड़ा सुधार हुआ है। सरकारें बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के जरिए लड़कियों की संख्या बढ़ाने के उपाय पर जोर दे रही है। निराशा और हताशा भरी खबरों के बीच अवनि चतुर्वेदी की कामयाबी ऐसे लोगों की आंखों पर से पट्टी हटाने का काम करेगी जो लड़कों और लड़कियों में भेदभाव करते हैं। लेकिन 19 फरवरी को जामनगर एयरबेस से मिग-21 उड़ाकर ये साबित कर दिया कि महिलाएं, पुरुषों से किसी भी मायने में कम नहीं हैं।  मिग-21 'बाइसन' की दुनिया में सबसे ज्यादा लैंडिंग और टेक-ऑफ स्पीड है।

अवनि ने नापा आसमां

अवनि के नाम का अर्थ धरती होता है लेकिन आज जो आसमान में अपने कौशल से फाइटर प्लेन उड़ा रही हैं। धरती में जितना धैर्य होता है। कुछ वैसे ही अपने नाम को साकार कर उन्होंने तमाम लड़कियों में हौसला भरा है।अवनि का जन्म 27 अक्टूबर 1993 को मध्य प्रदेश के रीवा में हुआ था। उनके पिता श्री दिनकर चतुर्वेदी मध्य प्रदेश सरकार के वाटर रिसोर्स डिपार्टमेंट में एक एग्जिक्युटिव इंजीनियर हैं और उनकी मां एक घरेलू महिला हैं।

अवनि के बड़े भाई भी एक आर्मी ऑफिसर हैं।अवनि की स्कूली शिक्षा मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के एक छोटे से कस्बे देउलंद में हुई। 2014 में उन्होंने राजस्थान की वनस्थली यूनिवर्सिटी से उन्होंने टेक्नोलॉजी में ग्रेजुएशन की है। इसके बाद उन्होंने इंडियन एयरफोर्स का एग्जाम पास किया।

...आवाज की स्पीड में उड़ना एक सपना

2016 में जब अवनि वायुसेना में बतौर फाइटर प्लेन पायलट कमीशन बनी थीं। उस मौके पर उन्होंने कहा था कि हर किसी का सपना होता है कि वो उड़ान भरें। अगर आप आसमान की ओर देखते हैं तो पंछी की तरह उड़ने का मन करता है। वह कहती हैं, आवाज की स्पीड में उड़ना एक सपना होता है और अगर ये मौका मिलता है तो एक सपना पूरे  होने जैसा है। अवनि के आदर्शों में कल्पना चावला हैं उन्हें हवाई जहाजों को पेंटिंग के रूप में दिखाना बेहद पसंद था। खाली समय में वो पेंटिंग और विमानों को बनाया करती थीं।  अवनि बचपन से ही कल्पना चावला की फैन रही हैं। उनके पिता बताते हैं कि जब भी उनके बारे में कुछ भी समाचार पत्रों में छपता था तो वो कहती हैं एक न एक दिन उन्हें भी कल्पना चावला जैसा मुकाम हासिल करना है।


अवनि अगले वर्ष कर्नाटक के बीदर में स्टेज थ्री की ट्रेनिंग के लिए जाएंगी। एक बार इस ट्रेनिंग को सफलतापूर्वक पूरा कर लेने के बाद अवनि सुखोई और तेजस जैसे फाइटर जेट्स भी उड़ा सकेंगी। अवनि के साथ मोहना और भावना भी ट्रेनिंग के लिए जाएंगी।

महिलाओं को फाइटर पायलट बनने की मिली अनुमति

दुनिया में सिर्फ ब्रिटेन, अमेरिका, इजरायल और पाकिस्तान में ही महिलाएं फाइटर पायलट बन सकती हैं। भारत सरकार ने महिलाओं को 2015 में फाइटर पायलट के लिए अनुमति दी थी। महिला फाइटर पायलट बनने के लिए 2016 में पहली बार तीन महिलाओं अवनि चतुर्वेदी, मोहना सिंह और भावना को वायु सेना में कमिशन किया गया था। देश में 1991 से ही महिलाएं हेलिकॉप्टर और ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट उड़ा रही हैं, लेकिन फाइटर प्लेन से उन्हें दूर रखा जाता था।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 जनवरी को अपने रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में महिलाओं के मुद्दे पर चर्चा करते हुए अवनि की उपलब्धि का जिक्र किया था।  पीएम ने बताया कि तीन बहादुर महिलाएं भावना कंठ, मोहना सिंह और अवनि चतुर्वेदी फाइटर पायलेट बनी हैं और सुखोई विमान उड़ाने का प्रशिक्षण ले रही हैं।


लोग कहा करते थे कि लड़कियों के लिए आसमान नहीं बना, उन्हें घर संभालना चाहिए। सबने उसे सामाजिक बेड़ियों में कैद करना चाहा। लेकिन उसके दिल ने किसी की नहीं सुनी। अपने सपनों का पीछा करते हुए वो वहां तक पहुँच गई, जहाँ पहुँचने का ख्वाब हर किसी के दिल में होता है। संघर्ष के जरिए सभी बाधाओं पर पार पाने वाली पहली महिला फ्लाइंग ऑफिसर अवनि चतुर्वेदी हर किसी के लिए आर्दश बन गई है। अकेले ही मिग-21 बाइसन लड़ाकू विमान उड़ाकर अवनि ने ना सिर्फ खुद आसमान का सैर की है, बल्कि देश की लाखों लड़कियों की आंखों को भी उन्होंने एक सुनहरा सपना दिया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।