अब किस हालत में हैं स्मित मच्छर? फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट के स्वास्थ्य पर UAE से आया अपडेट
फ्लाईदुबई की फ्लाइट में सह-पायलट के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं।
-1791026624373_m.webp)
स्मित मच्छर की सेहत पर यूएई से आया अपडेट (स्क्रीनग्रैब)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। फ्लाईदुबई की फ्लाइट में को-पायलट के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। विदेश मंत्रालय (MEA) और यूएई स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार को जानकारी दी कि कैप्टन मच्छर को 'उत्कृष्ट चिकित्सा देखभाल' (उच्च स्तर की स्वास्थ्य सेवाएं) मिल रही है। मंत्रालय उनके परिवार और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है।
यूएई स्थित भारतीय दूतावास ने एक पोस्ट में कहा, "भारतीय पायलट कैप्टन स्मित का बेहतरीन इलाज चल रहा है और वे तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। हम उनके परिवार और स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं तथा हर संभव सहयोग प्रदान कर रहे हैं। यूएई सरकार द्वारा उन्हें दी जा रही चिकित्सा सुविधा के लिए हम उनके आभारी हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।"
क्या है पूरा मामला?
बताते चले कि बीते 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई प्लेन के उड़ान के दौरान ओमान निवासी को-पायलट ने भारतयी कैप्टन मच्छर पर कुल्हाड़ी से हमला कर विमान पर नियंत्रण पाने की कोशिश की थी, जिसे घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छर ने सूझबूझ से नाकाम कर दिया।
आरोप है कि को-पायलट ने विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की। यूएई के अटॉर्नी जनरल ने कहा कि अल-हम्ममी ने आतंकवादी कृत्य को अंजाम देने का प्रयास किया और विमान के हवा में रहते हुए उसके संचालन उपकरणों पर नियंत्रण हासिल करने की कोशिश की।
कॉकपिट में हिंसक झड़प के दौरान विमान दो मिनट में 16,000 फीट नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद क्रू, यात्रियों और दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने मिलकर सिरफिरे सह-पायलट को काबू में किया। फिर विमान को सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित लैंड कराया गया, जिससे विमान में सवार सभी 180 लोग बाल-बाल बच गए।
